छपरा: मूर्ति विसर्जन के दौरान मचा बवाल
सारण जिले के छपरा नगर थाने के निकट मूर्ति विसर्जन के दौरान डीजे बजाने से रोके जाने पर हिंसक हुई भीड़ ने सोमवार को जमकर बवाल काटा।
उग्र भीड़ ने जेसीबी मशीन समेत पांच वाहनों को आग के हवाले कर दिया। हालात काबू में लाने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज और आंसू गैस के गोले छोड़े और पांच कंपनी अर्धसैनिक बलों को तैनात किया गया है।
मुख्यमंत्री के आदेश पर एडीजी गुप्तेश्वर पांडेय और सचिव प्रत्येय अमृत जांच के लिए छपरा पहुंच चुके हैं। जांच टीम के छपरा पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने जमकर विरोध किया। इस दौरान पुलिस पर पथराव भी किए गए।
छह वाहनों को जलाया
पुलिस ने इस मामले में कुछ लोगों को गिरफ्तार भी किया। आक्रोशित लोगों ने उन्हें छुड़ाने के लिए थाने का घेराव किया। इसके बाद पुलिस ने उन्हें दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। घटना में पुलिस के भी कुछ जवान घायल हुए हैं।
जानकारी के अनुसार नगर थाने के पंकज सिनेमा हॉल के निकट से कुछ लोग शनिवार की देर रात मूर्ति विसर्जन करने जा रहे थे, जिसमें लाउडस्पीकर बजाया जा रहा था।
जिला मजिस्ट्रेट कुंदन कुमार ने कहा कि बकरीद को देखते हुए जब शांति से विसर्जन करने को गया तो भीड़ ने बवाल कर दिया। पथराव और लाठीचार्ज की घटना में जिलाधिकारी का अंगरक्षक पिंटू कुमार समेत 19 लोग घायल हो गए।