कॉलेज गेट पर छात्रा को छेड़ा, पब्लिक ने धुना
कॉलेज से घर लौट रही हाईस्कूल की छात्रा से शोहदे ने सरेराह छेड़छाड़ कर दी।
उसने छात्रा को पकड़कर खींचने की कोशिश की तो छात्रा ने मदद के लिए गुहार लगाई तो मौके पर पहुंचे लोगों ने शोहदे को दौड़ाकर पकड़ लिया और धुनाई कर दी। छात्रा के पिता ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
दोपहर को टिसुआ के एक इंटर कालेज में छुट्टी के बाद 10वीं में पढ़ने वाली छात्रा सहेलियों के साथ घर लौट रही थी। गेट के सामने ही खड़े युवक ने छात्रा से छेड़छाड़ कर दी। विरोध करने पर वह धमकाने लगा। वह छात्रा को खींचकर ले जाने लगा।
पुलिस ने रिपोर्ट लिखी
छात्रा ने और उसकी सहेलियों ने शोर मचाया तो आसपास खड़े लोगों ने शोहदे को पकड़ लिया। लोगों ने उसे पीट दिया। इसके बाद पुलिस को खबर की गई।
पुलिस ने शोहदे को कब्जे में ले लिया। पूछताछ में उसने खुद को शाहजहांपुर जिले के पुवायां निवासी जयप्रकाश बताया। उसने बताया कि वह टिसुआ के पास एक ढाबे पर काम करता है। पुलिस आरोपी को थाने ले गई।
थोड़ी देर बाद छात्रा के पिता भी वहां आ गए। उनकी तहरीर पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया। एसओ संतोष यादव ने बताया कि फरीदपुर सीएचसी भेजकर आरोपी का मेडिकल परीक्षण कराया गया है, कल उसे जेल भेजेंगे। पुलिस ने कहा कि आरोपी को सख्त सजा दिलाई जाएगी।