बिहार के लिए मोदी से मिलने को तैयार हूं: नीतीश
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
चौथी बार बिहार की कमान संभालने के बाद नीतीश कुमार ने कहा है कि राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता के बावजूद वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने को तैयार हैं। बिहार के विकास के लिए केंद्र-राज्य में सहयोग जरूरी है और इसके लिए उन्हें मोदी से मुलाकात करने में कोई हिचक नहीं है। उन्होंने मोदी द्वारा ट्वीट कर उन्हें बधाई देने के लिए भी प्रधानमंत्री को धन्यवाद दिया। नीतीश ने पत्रकारों से कहा, ‘राजनीतिक तौर पर हम एक-दूसरे के आमने-सामने खड़े हैं लेकिन बिहार के विकास के लिए मैं मोदी से मुलाकात के लिए तैयार हूं।’
इससे पहले, राजभवन में हुए समारोह में राज्यपाल केशरीनाथ त्रिपाठी ने 63 वर्षीय नीतीश को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। उनके साथ 22 मंत्रियों ने भी शपथ ली है। इनमें तीन महिलाएं हैं। शपथग्रहण करने वाले 22 लोगों में से 20 वे हैं जिन्होंने जीतन राम मांझी मंत्रिमंडल से इस्तीफा दिया था।
नीतीश कुमार ने लोकसभा चुनाव में पार्टी की हार की जिम्मेदारी लेते हुए 17 मई 2014 को पद छोड़ दिया था। इसके बाद उन्होंने विधायकों के विरोध के बावजूद जीतन राम मांझी को सत्ता सौंप दी थी। हालांकि आठ महीने बाद ही नीतीश को मांझी और पार्टी के एक धड़े के नेताओं और विधायकों से मतभेद के बाद अपना फैसला बदलने पर मजूबर होना पड़ा। मांझी पद छोड़ने को तैयार नहीं थे। लेकिन गत शुक्रवार को विश्वासमत हासिल करने से पहले ही मांझी ने इस्तीफा दे दिया।
जनता परिवार के साथ पूर्वी राज्यों की लामबंदी
व्यस्तता के कारण राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव और मुलायम सिंह यादव समारोह में नहीं आ सके लेकिन उत्तर प्रदेश के सीएम अखिलेश यादव, पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा, हरियाणा में नेता प्रतिपक्ष अभय चौटाला, दुष्यंत चौटाला, शरद यादव, शिवपाल सिंह यादव समेत जनता परिवार के कई दिग्गज शपथग्रहण समारोह में मौजूद थे। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, असम के सीएम तरुण गोगोई, झारखंड के पूर्व सीएम बाबूलाल मरांडी, कांग्रेस के मोती लाल बोरा, सीपी जोशी, श्रीकांत जेना व राकांपा के तारिक अनवर भी समारोह में शामिल हुए।
राजद-कांग्रेस कैबिनेट से दूर
नीतीश राजद और कांग्रेस को कैबिनेट में शामिल करना चाहते थे, लेकिन लालू मंत्री पद को लेकर किसी भी प्रकार के विवाद से पार्टी को बचाना चाहते हैं। वहीं, कांग्रेस ने नीतीश के बहुमत साबित करने के बाद इस पर विचार करने की बात कही है।
नौशाद और विनोद नए चेहरे
नीतीश के अलावा 22 मंत्रियों को राज्यपाल ने शपथ दिलाई। शपथ लेनेवालों में नौशाद आलम और विनोद प्रसाद यादव ही केवल नए चेहरे थे, बाकी सभी माझी मंत्रिमंडल के वो सदस्य हैं, जो पिछले दिनों मंत्रिमंडल से सामूहिक इस्तीफा दे दिया था। इनमें विजय कुमार चौधरी, विजेंद्र प्रसाद यादव, रमई राम, दामोदर रावत, नरेंद्र नारायण यादव, प्रशांत कुमार शाही, श्याम रजक, अवधेश प्रसाद कुशवाहा, लेसी सिंह, दुलाल चंद्र गोस्वामी, राजीव रंजन सिंह, श्रवण कुमार, रामलषण राम रमण, रामधनी सिंह, जय कुमार सिंह, मनोज कुमार सिंह, जावेद इकबाल अंसारी, बीमा भारती, रंजू गीता व बैधनाथ चौधरी शामिल हैं। इन सब के विभाग भी पूर्ववत ही रखे गए हैं।