शामली के दोषी होंगे गिरफ्तार, सीएम अखिलेश ने दिए आदेश
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शामली के कैराना की घटना पर दोषियों की गिरफ्तारी के आदेश दिए हैं। वहां हुई गोलीबारी में एक लड़के की मौत हो गयी थी।
उन्होंने मुख्य सचिव को सख्त कार्रवाई का निर्देश देते हुए एसडीएम और डिप्टी एसपी को हटाने को कहा है। साथ ही डीजीपी को सख्ती बरतते हुए दोषियों की गिरफ्तारी के आदेश दिए हैं। इसके बाद मामले में कोताही बरतने को लेकर शामली के इंस्पेक्टर को सस्पेंड कर दिया गया है।
गौरतलब है कि ब्लॉक प्रमुख के चुनाव में जीत के बाद समाजवादी पार्टी के समर्थित नेता के हवा में गोलीबारी कर रहे थे। तभी वहां से अपनी मौसी के साथ ऑटो में गुजर रहे एक दस वर्षीय लड़के को गोली लग गयी, जिससे अस्पताल ले जाते वक्त उसकी मौत हो गयी। इसके बाद उसके परिजनों ने लड़के का शव राजमार्ग पर रखकर दोषियों को सजा की मांग की थी। इससे राजमार्ग भी घंटों जाम रहा था।
लोगों में आक्रोश बरकरार
लोगों में पुलिस प्रशासन के खिलाफ गुस्सा बना हुआ है। उधर, जाम और प्रदर्शन की जानकारी होने पर बसपा नेता हाजी अनवर हसन, कंवर हसन भी मौके पर पहुंचे। इसके बाद क्षेत्रीय सपा विधायक चौधरी नाहिद हसन भी आ गए। बाद में मौके पर पहुंचे एसपी विजय भूषण और एएसपी अनिल कुमार झा ने लोगों को समझाने का प्रयास किया।
बसपा नेता हाजी अनवर हसन और कंवर हसन ने अधिकारियों से कहा कि यह पुलिस के नकारेपन का उदाहरण है, क्योंकि पुलिस की मौजूदगी में अवैध हथियारों से हर्ष फायरिंग होती रही और पुलिसकर्मी मूकदर्शक बने रहे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कांधला, झिंझाना और शामली से भी पुलिस फोर्स मौके पर बुला लिया गया था। वहीं मीडिया में मामला छाने के बाद अपनी ही पार्टी के कार्यकर्ताओं के शामिल होने कारण इस मामले में मुख्यमंत्री ने सख्त होते हुए कार्रवाई के आदेश दिए हैं।