मेरठ: ठेला हटाने के विवाद में चलीं तलवारें, तनाव
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मेरठ के लालकुर्ती पैठ बाजार में शनिवार शाम ठेला हटवाने को लेकर दो समुदाय के दुकानदारों में मारपीट और तलवारें चल गई। दोनों समुदाय के लोग आमने-सामने आते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया।
पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया और घायल दो भाइयों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। लोगों ने मामले को शांत कराया। बाजार में पुलिस और पीएसी तैनात है।
देहली गेट क्षेत्र के वैली बाजार निवासी जुबैर और उसका भाई गुलजार लालकुर्ती पैठ में बेल्ट बेचने का ठेला लगाते हैं। शाम को दोनों भाई नमाज अदा करने मस्जिद में जा रहे थे।
आरोप है कि रास्ते में मदन और कमल का जूते चप्पल बेचने का ठेला लगा था। ठेला लगाने को लेकर जुबैर और मदन में कहासुनी हो गई। देखते ही देखते दोनों में मारपीट हो गई। पुलिस के मुताबिक दोनों पक्षों में मारपीट और तलवारें चली।
लोगों ने कराया मामला शांत
जुबैर की गर्दन पर और गुलजार के हाथ में तलवार लग गई। पैठ बाजार में सांप्रदायिक तनाव बनने की सूचना पर लालकुर्ती पुलिस मौके पर पहुंची। आनन-फानन में पुलिस ने दोनों घायलों को भोपाल नर्सिंग होम में भर्ती कराया।
सांप्रदायिक तनाव की जानकारी लगते ही युवा सेवा समिति के अध्यक्ष बदर अली पहुंचे और लोगों को समझा बुझाकर मामला शांत कराया। जुबैर की शिकायत पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मदन, कमल, रविंद्र को गिरफ्तार कर लिया।
बाजार में अफरातफरी मची
पैठ बाजार में तलवार चलने से लोगों में अफरातफरी मची। सांप्रदायिक तनाव की जानकारी लगते ही व्यापारियों ने दुकान बंद कर दी। वहीं, दूसरी ओर बाजार में सामान खरीदने आए लोग वहां से भागने लगे। स्थिति को देखते पुलिस ने माइक लेकर शांति बनाए रखने की अपील की।
पुलिस नहीं पहुंचने पर हंगामा
वारदात की सूचना देने के आधा घंटे बाद लालकुर्ती पुलिस पहुंची। लोग कंट्रोल रूम में फोन घनघनाते रहे और पुलिस का जवाब था कि फोर्स प्रधानी चुनाव में गई है। इसकी जानकारी लगने डीएम और एसएसपी ने स्थानीय गणमान्य लोगों को फोन कर स्थिति कंट्रोल कराने को कहा। उसके बाद लोगों ने पहुंचकर मामला शांत कराया।
खून का बदला खून से लेंगे
जुबैर को तलवार लगने पर एक समुदाय के कुछ युवकों ने धमकी दी कि खून का बदला खून से लेंगे। जिस पर युवा नेता बदर अली ने लोगों को समझाया और बाजार से बाहर उनके घर पर भेजा। पुलिस ने बताया कि स्थिति बेकाबू होने से पहले वहां पहुंच गए थे। एहतियात के तौर पर बाजार में पुलिस और पीएसी तैनात कर दी है।
मामूली बात पर सांप्रदायिक तनाव
लालकुर्ती इलाके में मामूली बातों पर सांप्रदायिक तनाव होने लगा है। लगातार तनाव की स्थिति बनने के बाद भी पुलिस लोगों के साथ भाईचारे की मीटिंग तक नहीं कराती। लोगों का कहना है कि पुलिस की लापरवाही के चलते लालकुर्ती में बड़ा बवाल हो सकता है। कई घटनाओं के बाद भी पुलिस गंभीर नहीं है।