चीन की मोबाइल कंपनी पूरा करेगी मोदी का सपना!
भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 'मेक इन इंडिया' योजना को जल्द ही नई उपलब्धि हांथ लग सकती है। पूरी दुनिया में धूम मचाने वाली चाइना की मोबाइल कंपनी शाओमी अपनी डिवाइस को भारत में बनाने की योजना बना रही है।
कयास लगाए जा रहे हैं कि यह मोबाइल कंपनी अपने डिवाइस बनाने के लिए नोकिया के बेकार पड़े कारखाने का इस्तेमाल कर सकती है।
गौरतलब है कि शाओमी दुनिया की तीसरे सबसे बड़ी मोबाइल विक्रेता कंपनियों में से एक है और तेजी से अपना विस्तार कर रही है।
भारत में शाओमी के हेड मनु जैन ने बताया, "हम भारत के मैन्यूफैक्चरिंग सेक्टर में विस्तार की शुरुआत कर रहे हैं। भारत एक बड़ा बाजार है और हम अपने ग्राहकों के नजदीक होना चाहते हैं।"
अगर यह योजना अपने मुकाम तक पहुंचती है तो यह पहला मौका होगा जब चीन की अग्रणी डिवाइस मेकर कंपनी भारत में अपने उत्पादों को बनाएगी और मोदी के मेक इन इंडिया केंपेन को और बल देगी।
भारत में भी बनने लगे स्मार्टफोन
भारतीय फोन निर्माता कंपनी, माइक्रोमैक्स जो कि पहले चीन में अपने उत्पादों का निर्माण करती थी उसने भी अब इस साल अप्रैल की शुरुआत से ही भारत में स्मार्ट फोन का निर्माण शुरू कर दिया है।
शाओमी ने साल 2014 की दूसरी तिमाही में सैमसंग को पछाड़कर चीन के सबसे बड़े स्मार्टफोन मार्केट पर कब्जा जमाया था। यह कंपनी चीन में अपने सप्लायर के माध्यम से भारत में फोन मंगाती है। इस साल जुलाई में लांच हुए इस ब्रांड के 8 लाख फोन भारत में बिक चुके हैं।
ई-टेलर जेबांग के को फाउंडर रह चुके मनु जैन ने हालांकि नोकिया के बंद पड़े कारखाने के इस्तेमाल को लेकर आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। जब उनसे इस बारे में पूछा गया तो उन्होंने बताया कि हमने इसके बारे में अभी सोचा नहीं है।
जैन ने कहा कि स्थानीय स्तर पर निर्माण किए जाने से कंपनी के उत्पादों को और प्रतिस्पर्धी बनाने में मदद मिलेगी। अपनी रणनीति के तहत शाओमी चाहती है कि वो अपने प्रतिस्पर्धियों ( सैमसंग और एप्पल) की तुलना में सस्ते और उत्तम गुणवत्ता वाले उत्पादों को लांच करे।