चीन ने की पाक और आईएसआई की तारीफ
पाकिस्तान और उसकी खुफिया एजेंसी आईएसआई पर आतंकवादी संगठनों को समर्थन देने के आरोपों के बीच अफगानिस्तान में चीन के नए विशेष दूत सुन युशी ने उन्हें सराहा है।
उन्होंने सोमवार को यहां अपने पहले प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि पाकिस्तान सरकार ने आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में काफी सकारात्मक सहयोग दिया है।
युशी से मई में हेरात स्थित भारतीय दूतावास पर हुए आतंकवादी हमले में पाकिस्तान स्थित संगठन लश्कर-ए-ताइबा की भूमिका के आरोपों से जुड़े सवाल पूछे गए थे।
युशी भारत में चीनी राजदूत रहे हैं
उन्होंने कहा कि मुझे विश्वास है कि पाकिस्तान सरकार भविष्य में अफगानिस्तान में शांति स्थापित करने और अंतरराष्ट्रीय समुदाय के साथ मिलकर आतंकवाद के खिलाफ लड़ने में महत्वपूर्ण और सकारात्मक भूमिका निभाएगी।
युशी भारत में चीनी राजदूत का पद संभाल चुके हैं। 2006 में उन्होंने तत्कालीन चीनी राष्ट्रपति हू जिंताओ के दिल्ली दौरे से पहले अरुणाचल प्रदेश पर चीन के दावे का जोरदार समर्थन किया था।