बच्चों ने लिखाई भाजपा सांसद की गुमशुदगी की रिपोर्ट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पश्चिम बंगाल के आसनसोल इलाके के रानीगंज शहर के स्कूल छात्रों ने इलाके के भाजपा सांसद और गायक बाबुल सुप्रियो चाचा की गुमशुदगी के मुद्दे पर पुलिस में एक रिपोर्ट दर्ज कराई है। इन बच्चों का कहना है कि लोकसभा चुनावों के बाद से ही बाबुल चाचा लापता हैं।
दूसरी और भाजपा और बाबुल ने इसे तृणमूल कांग्रेस की साजिश करार दिया है। इलाके के विभिन्न स्कूलों में पढ़ने वाले कुछ छात्रों ने रानीगंज की नीमचा पुलिस चौकी में दर्ज कराई गई रिपोर्ट में बाकायदा अपने हस्ताक्षर किए हैं और पुलिस से बाबुल चाचा का शीघ्र पता लगाने का अनुरोध किया है।
इस शिकायत में कहा गया है कि चुनावों से पहले बाबुल चाचा ने वादा किया था कि वे हमेशा इलाके के लोगों के साथ रहेंगे और उनके साथ मिलकर गीत गाएंगे, लेकिन चुनाव बीतने के बाद से ही उनका कोई पता नहीं चल रहा है। यह बच्चे अपनी शिकायत लेकर पुलिस चौकी पहुंचे तब उनके साथ कुछ अभिभावक भी थे।
भाजपा ने कहा टीएमसी की चाल
दूसरी ओर, सांसद बाबुल सुप्रियो और भाजपा की औद्योगिक क्षेत्र शाखा के अध्यक्ष निर्मल कर्मकार ने इसे तृणमूल कांग्रेस की चाल करार दिया है।
बाबुल ने कहा है कि वे कहीं गायब नहीं हुए हैं बल्कि दिल्ली में हैं और 26 जून को आसनसोल पहुंचेंगे। बाबुल का दावा है कि उन्होंने अपने संसदीय क्षेत्र में पीने के पानी की समस्या के लिए एक परियोजना तैयार की है और इसे जल्दी ही लागू किया जाएगा।
दूसरी ओर, तृणमूल कांग्रेस ने भाजपा के आरोपों को निराधार करार दिया है। पार्टी ने कहा कि भाजपा सस्ती लोकप्रियता हासिल करने के लिए तृणमूल पर झूठा आरोप लगा रही है।