6 साल की बच्ची से स्कूल में रेप पर फूटा आक्रोश
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
एक निजी स्कूल में 6 वर्षीय बच्ची के साथ बलात्कार की घटना से अभिभावक और शहरवासी आक्रोशित हैं। लोगों ने शनिवार को मार्च निकालकर पुलिस से आरोपियों और स्कूल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
इस बीच पुलिस ने पूछताछ के लिए 8 लोगों को हिरासत में लिया है। घटना बंगलूरू के विबग्योर हाईस्कूल में 2 जुलाई को घटी लेकिन इसका पता 15 जुलाई को सबको हुआ।
बच्ची से रेप मामले में अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं होने और स्कूल प्रबंधन के खिलाफ अपना रोष जताने के लिए स्कूल में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के परिजनों और अन्य ने शांति मार्च निकाला और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
वरिष्ठ अधिकारियों ने लोगों को शांत कराने की अपील की लेकिन लोग पुलिस कमिश्नर को प्रदर्शन स्थल पर आने की मांग करते रहे। अभिभावकों के गुस्से को देखते हुए पुलिस कमिश्नर राघवेंद्र औरादकर को वहां आना पड़ा।
2 जुलाई की है घटना
पुलिस कमिश्नर राघवेंद्र औरादकर ने प्रदर्शनकारियों को शांत कराते हुए कहा कि इस घटना से हमें भी गहरा धक्का लगा है और लोग पुलिस पर भरोसा रखें। पुलिस कमिश्नर ने कहा कि घटना होने और उसकी जानकारी आने में काफी देर हुई है।
वारदात 2 जुलाई की है जबकि पुलिस में इसकी शिकायत 14 जुलाई को दर्ज कराई गई। इस सबके बावजूद पुलिस अपनी तरफ से हरसंभव कोशिश कर रही है कि जल्द से जल्द असली दोषियों को पकड़ा जा सके।
इस बीच अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर (कानून व्यवस्था) कमल पंत ने कहा कि जांच चल रही है और करीब 8-9 लोगों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस अब तक 90 से अधिक लोगों से पूछताछ कर चुकी है।
पुलिस का कहना है कि बच्ची के साथ बलात्कार अज्ञात लोगों ने किया जबकि अभिभावकों का आरोप है कि यह घृणित काम स्कूल के स्टाफ ने किया है और पुलिस स्कूल के कर्मचारियों को बचाने की कोशिश कर रही है।
एक आक्रोशित अभिभावक ने कहा कि बच्चों को स्कूल भेजने से पहले हम इस मामले का समाधान चाहते हैं। दोषियों को गिरफ्तार किया जाना चाहिए क्योंकि हम उन्हें खुलेआम स्कूल या इसके आसपास नहीं चाहते।