{"_id":"7619d1f8-4149-11e2-9941-d4ae52bc57c2","slug":"change-of-guard-at-rashtrapati-bhavan-now-open-to-public","type":"story","status":"publish","title_hn":"आम आदमी के लिए खुलेगा राष्ट्रपति भवन का प्रांगण","category":{"title":"India News Archives","title_hn":"इंडिया न्यूज़ आर्काइव","slug":"india-news-archives"}}
आम आदमी के लिए खुलेगा राष्ट्रपति भवन का प्रांगण
नई दिल्ली/एजेंसी
Updated Sat, 08 Dec 2012 08:41 PM IST
विज्ञापन
आम आदमी भी अब राष्ट्रपति भवन के प्रांगण में पहुंच सकेगा। हर शनिवार को यहां 200 लोगों को प्रवेश की इजाजत दी जाएगी ताकि वे सैनिकों और सुसज्जित घोड़ों के शानदार ‘चेंज ऑफ गार्ड’ समारोह को देख सकें।
विज्ञापन
इस समारोह में राष्ट्रपति के बॉडी गार्ड (पीबीजी) बैंड और बिगुल के साथ लाल पोशाक में घोड़ों पर सवार रहते हैं। आम जनों के लिए इस समारोह को नया रूप देने की योजना बनाई गई है। साथ ही इसे राष्ट्रपति भवन के गुंबद के पीछे खुली जगह पर आयोजित किया जाएगा। जबकि पहले यह समारोह नॉर्थ ब्लॉक में होता था।
विज्ञापन
राष्ट्रपति के प्रेस सचिव वेणु राजमणि ने शनिवार को आयोजित समारोह की ड्रिल के दौरान मीडिया से कहा, ‘चेंज ऑफ गार्ड को लेकर हमने आम जनों के लिए हर शनिवार को तमाम बंदिशें खत्म करने का फैसला किया है। स्वयं राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी के निर्देश पर ऐसा किया जा रहा है।
विज्ञापन
वह चाहते हैं कि इस जगह पर आम आदमी का आना-जाना सहज हो।’ सर्दियों के दिनों में यह समारोह हर शनिवार को सुबह 10 बजे शुरू होगा। ‘चेंज ऑफ गार्ड’ वह सैन्य परंपरा है जिसमें सेना की एक टुकड़ी अपनी जिम्मेदारियां नई टुकड़ी को सौंपती है।
आधे घंटे के इस कार्यक्रम में आने वाले लोग राष्ट्रपति के अंगरक्षकों को विशाल जयपुर कॉलम के पीछे से निकलते देख सकेंगे, जबकि इस दौरान सेना का ब्रास बैंड एआर रहमान द्वारा कंपोज धुन ‘मां तुझे सलाम’ बजाएगा। बैंड इसके बाद ‘सारे जहां से अच्छा’ से लेकर कुछ अन्य लोकप्रिय देशभक्ति गीतों की धुन बजाएगा।
साथ ही अपनी तैयार की हुई धुन ‘भारत माता की जय’ भी श्रोताओं को सुनाएगा। संगीत समारोह में जब पुराने गार्ड विदा लेंगे, तब नए गार्ड उनकी जगह लेंगे। समारोह का समापन सेना के बैंड द्वारा राष्ट्रगान की धुन के साथ होगा। इस सैन्य ड्रिल में सेना की मद्रास बटालियन के 28 चुनिंदा सैनिक रहेंगे। समारोह में वे अपनी घुड़सवारी की कला का प्रदर्शन भी करेंगे।