सतवीर हत्याकांड की होगी सीबीआई जांच: बालियान
केंद्रीय कृषि राज्यमंत्री डॉ. संजीव बालियान ने कहा कि सतवीर हत्याकांड की जांच सीबीआई से कराई जाएगी और हत्यारोपियों पर रासुका तामील कराई जाएगी।
वारदात में शामिल आरोपियों को चिह्नित कर 120बी का मुल्जिम बनाया जाएगा। उन्होंने पीड़ित परिवार से गांव से पलायन नहीं करने का आग्रह करते हुए न्याय दिलाने और सुरक्षा का आश्वासन दिया। मंत्री ने थानाध्यक्ष शोएब खान को तत्काल जिले से बाहर तबादला कराने का भरोसा दिलाया
केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. संजीव बालियान बुधवार शाम अपने काफिले के साथ भूम्मा गांव में मृतक सतवीर उर्फ गुलगुल के घर पहुंचे। उन्होंने परिजनों और ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली। ग्रामीणों ने थानाध्यक्ष शोएब मियां की शिकायत करते हुए आरोप लगाया कि पुलिस ने सतवीर के कत्ल से पहले उसकी तलाशी ली थी।
मंत्री ने शिकायतों को सुनकर कहा कि हत्यारों पर रासुका लगवाई जाएगी। मामले की सीबीआई से जांच कराई जाएगी। पीड़ित परिवार को कोर्ट से न्याय दिलाने के लिए वादी और गवाहों को सुरक्षा दी जाएगी। उन्होंने मृतक की मां राजकुमारी, बहनें सुमन-रेखा, भाई अर्जुन, चाचा जय सिंह आदि परिजनों से वार्ता कर उन्हें न्याय दिलाने का आश्वासन दिया।
हत्यारोपियों पर रासुका लगवाने का भी दिया आश्वासन
केंद्रीय कृषि राज्यमंत्री डॉ. संजीव बालियान ने सुतली बम बनाने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई का आश्वासन दिया। ग्रामीणों ने पुलिस द्वारा एक पक्षीय कार्रवाई करते हुए करीब 400 लोगों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई की शिकायत की तो मंत्री ने सीओ और एसडीएम को तत्काल बुलाकर ऐसी कार्रवाई नहीं करने के निर्देश दिए।
मंत्री ने पीड़ित परिवार को हरसंभव मदद का भरोसा दिया। उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि कोई भी परिवार गांव से पलायन न करे। मृतक के छोटे भाई अर्जुन को नौकरी दिलवाने में पूरी मदद का भरोसा दिया।
उन्होंने यह भी कहा कि सूबे की अखिलेश सरकार से मदद की कोई उम्मीद नहीं है। कुछ लोगों ने एसओ को भी 120बी का मुल्जिम बनाने की मांग की। इसके बाद मंत्री ने गांव के जितेंद्र कुमार के आवास पर ग्रामीणों से शांति बनाए रखने की अपील की।
इस दौरान भाजपा की वरिष्ठ नेत्री साध्वी प्राची, डॉ. वीरपाल निर्वाल, नितिन मलिक, जानसठ चेयरमैन यनेश तंवर, प्रकाशचंद राजा, वीरेंद्र सिंह, वंदना वर्मा, तिसंग बावना मंच के नेता चौ. उद्यम सिंह आदि मौजूद रहे।