'पीके' को लेकर सेंसर बोर्ड का बड़ा फैसला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पीके पर धार्मिक भावनाओं को आहत करने का आरोप लगा कर बैन करने और कुछ सीन पर हटाने की मांग को सेंसर बोर्ड ने सिरे से खारिज कर दिया है।
फिल्मों को प्रमाण पत्र देने वाला सेंसर बोर्ड इस प्रकार का कोई भी कदम उठाने के मूड में नहीं है। सेंसर बोर्ड की चेयरपर्सन लीला सैमसन ने कहा कि फिल्म रिलीज हो चुकी है और बोर्ड कोई सीन नहीं हटाने जा रहा है।
19 दिसंबर को रिलीज होने वाली फिल्म पर उन्होंने कहा कि प्रत्येक फिल्म किसी न किसी की भावना या धार्मिक भावना को ठेस पहुंचा सकती है। अपने तरीके से चीजों को पेश करने की कला है। हम अनावश्यक तरीके से फिल्मों के सीन नहीं हटा सकते। हमने पहले ही फिल्म ‘पीके’ को प्रमाणपत्र दे दिया है।
हिंदू संगठनों ने की फिल्म बैन की मांग
इस बीच हिंदुओं की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का आरोप लगा रहे संगठनों के समर्थन में योग गुरु बाबा रामदेव भी आ गए हैं।
विहिप, बजरंग दल जैसे संगठनों की मांग के बाद रविवार को रामदेव ने भी कहा कि लोगों को ‘पीके’ नहीं देखनी चाहिए। साथ ही इससे संबंधित लोगों के सामाजिक बहिष्कार करने की भी सलाह दी।
मुस्लिम होने के कारण हिंदू मान्यताओं का अनादर करने के आरोप में अभिनेता आमिर ने कहा कि मैं सभी धर्मों का सम्मान करता हूं। मेरे सभी दोस्त हिंदू हैं। ‘पीके’ के निर्देशक राजू हिरानी और निर्माता विधु चोपड़ा तथा लेखक अभिजात जोशी सभी हिंदू हैं। कोई भी इस उद्देश्य से ऐसा कुछ नहीं करेगा।
भाजपाइयों ने नंदन सिनेमा में की तोड़फोड़
फिल्म पीके के विरोध में रविवार को भाजपाइयों ने मेरठ के नंदन सिनेमा हाल पहुंचकर जमकर हंगामा किया और फिल्म का शो रोक दिया। विरोध करने पर तोड़फोड़ कर बैनर पोस्टर फाड़े और आग लगा दी। साथ ही मारपीट की कोशिश की। सिनेमा हाल मैनेजर की तरफ से भाजपाइयों के खिलाफ तहरीर दी गई है।
शनिवार को भाजपा झुग्गी झोपड़ी प्रकोष्ठ ने कमिश्नरी पर प्रदर्शन कर ऐलान किया था कि यदि प्रशासन ने पीके फिल्म पर प्रतिबंध नहीं लगवाया या आपत्तिजनक दृश्य नहीं हटवाए तो भाजपा कार्यकर्ता खुद ही फिल्म के प्रसारण ठप करा देंगे।
इसी के चलते रविवार दोपहर 11:50 बजे भाजपा झुग्गी झोपड़ी प्रकोष्ठ के प्रदेश महामंत्री राजकुमार कौशिक के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ता गढ़ रोड स्थित नंदन सिनेमा पहुंचे। जोर जबरदस्ती करते हुए फिल्म का प्रसारण रोक दिया। सिनेमा हाल स्टाफ ने विरोध किया, तो मारपीट की कोशिश की। कुछ कार्यकर्ताओं ने वहां लगे बैनर, पोस्टर फाड़ दिए और आग लगा दी। सूचना पर नौचंदी थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और समझा बुझाकर भाजपाइयों को शांत किया।
मच गई अफरा तफरी
नंदन सिनेमा में जब भाजपाइयों ने हंगामा किया, तो फिल्म देखने पहुंचे लोगों में भगदड़ मच गई। तोड़फोड़ और आग लगाने के दौरान लोग घबरा गए। बहुत से लोग बगैर फिल्म देखे ही लौट गए, तो जिन्होंने टिकट खरीद लिया था, वह इंतजार करते रहे। हंगामा शांत होने के बाद 12 से तीन वाले शो का प्रसारण करीब डेढ़ बजे पुलिस की मौजूदगी में शुरू कराया जा सका।
नौचंदी थानाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह भाजपा कार्यकर्ताओं ने सिनेमा हाल में प्रदर्शन के साथ ही तोड़फोड़ और पोस्टरों में आग लगाई है। सिनेमा हाल मैनेजर की तरफ तहरीर पर सुनील शर्मा, राजकुमार कौशिक, मोनू पंवार और 30 से 40 अज्ञात के खिलाफ धारा 427 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।