शीना बोरा हत्याकांड में पांच राज्यों में सीबीआई छापा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
शीना बोरा हत्याकांड की जांच कर रही सीबीआई ने सोमवार को पांच राज्यों में छापेमारी की। हत्या के असल कारण का पता लगाने में जुटी जांच एजेंसी ने सुराग की तलाश में गोवा, मुंबई, गुवाहाटी, मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा और कोलकाता में 10 ठिकानों पर कार्रवाई की है। यह सभी ठिकाने शीना हत्याकांड के तीनों आरोपियों, इंद्राणी मुखर्जी, उसके पूर्व पति संजीव खन्ना और ड्राइवर श्यामवर पिंटूराम राय तथा पीटर मुखर्जी से संबंधित हैं।
सीबीआई के सूत्रों के मुताबिक छापे की यह कार्रवाई पीटर और इंद्राणी के मुंबई तथा गोवा स्थित आवास, श्याम के मुंबई और छिंदवाड़ा में स्थित घर व संजीव खन्ना के कोलकाता वाले घर पर हुई। टीम गुवाहाटी में इंद्राणी के पैतृक आवास पर भी गई थी।
सूत्रों का कहना है कि एजेंसी किसी खास सबूत की तलाश में है। इसके बारे में इंद्राणी, संजीव, श्याम और पीटर से पूछताछ के दौरान जानकारी हासिल हुई थी। फिलहाल सीबीआई इसके बारे में खुलासा नहीं करना चाहती है।
तीनों आरोपियों की न्यायिक हिरासत 31 अक्तूबर तक बढ़ी
सीबीआई को शक है कि शीना की हत्या की वजह सिर्फ उसके और इंद्राणी के वर्तमान पति पीटर मुखर्जी के बेटे का संबंध नहीं है। एजेंसी की नजर पीटर और शीना के भाई पर भी है। जांच में मिल रहे सुराग के मुताबिक मुंबई पुलिस इन दोनों के सीने में दर्ज कई राज नहीं उगलवा पाई है।
इस बीच मुंबई के एक लोकल मजिस्ट्रेट एनबी शिंदे ने इंद्राणी समेत तीनों आरोपियों की न्यायिक हिरासत 31 अक्तूबर तक बढ़ा दी है। बचाव पक्ष के वकील श्रेयांस मिठारे ने बताया कि ड्राइवर श्याम ने अदालत को पत्र लिखकर कहा है कि वह कुछ खुलासा करना चाहता है।
अदालत उसे पेश करने के लिए वारंट जारी कर सकती है। शीना की 24 अप्रैल 2012 को हत्या कर दी गई थी। इस मामले में उसकी मां इंद्राणी ही मुख्य आरोपी है। शीना, इंद्राणी की पहली शादी से पैदा हुई थी।