2जी केस में सीबीआई ने सरकारी वकील को हटाया
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सीबीआई ने सोमवार को 2जी स्पेक्ट्रम मामले से सरकारी वकील एके सिंह को हटा दिया है। केंद्रीय जांच एजेंसी ने यह कदम एक ऑडियो टेप के सामने आने बाद उठाया है। इस ऑडियो क्लिप में सरकारी वकील को मामले के हाई प्रोफाइल आरोपी और यूनिटेक कंपनी के एमडी संजय चंद्रा के साथ अभियोजन पक्ष की रणनीति पर चर्चा करते पकड़ा गया है। इस मामले में सीबीआई ने केके गोयल को नया वकील नियुक्त किया है।
एक निजी चैनल ने सोमवार रात को सीबीआई वकील एके सिंह और चंद्रा के बीच कथित बातचीत का ऑडियो टेप प्रसारित किया। इसमें सिंह को यह कहते हुए सुनाया गया है कि कैसे 2जी मामले का एक अहम गवाह विशेष कोर्ट में सुनवाई के दौरान पलट गया। कहा जा रहा है कि यह क्लिप सितंबर 2012 में रिकॉर्ड की गई है।
ये क्लिप मुकदमे में अभियोजन पक्ष के गवाहों की पड़ताल के शुरू होने से ठीक पहले की है। क्लिप में सिंह बता रहे हैं कि किस तरह सुप्रीम कोर्ट के तीन सदस्यीय जजों के एक फैसले को कानूनी रणनीति बनाने में इस्तेमाल किया जा सकता है। बातचीत सुनने से लगता है कि सरकारी वकील मुकदमे की कार्यवाही को दिशाहीन बनाने की कोशिश में हैं।
सीबीआई ने कहा कि सिंह को 2जी मामले की सुनवाई करने वाले सरकारी टीम से हटा दिया गया है। साथ ही इन आरोपों की पुष्टि के लिए प्रारंभिक जांच शुरू कर दी गई है। प्रवक्ता ने कहा कि इस घटनाक्रम से कोर्ट को अवगत करा दिया गया है। उन्होंने कहा कि सुनवाई में सरकारी टीम की मदद के लिए एक अन्य वकील की नियुक्ति की गई है।
जांच एजेंसी ने अपने बयान में कहा कि सीबीआई अपने अधिकारियों को वकीलों पर कड़ी नजर रखे हुए है और किसी भी व्यावसायिक कदाचार को हल्के में नहीं लिया जाएगा। चार दिन पहले सिंह और चंद्रा के खिलाफ प्राथमिक शिकायत दर्ज की गई थी और दोनों से इस मामले में सीबीआई हेडक्वार्टर पर पूछताछ की गई।
वहीं दूसरी ओर यूनिटेक ने आरोपों का खंडन करते हुए कहा कि चंद्रा ने कभी भी 2जी मामले में कोर्ट से बाहर सरकारी वकील से मुलाकात नहीं की और न ही फोन पर बात की है। कंपनी ने ऑडियो क्लिप में चंद्रा की आवाज होने के आरोपों को भी खारिज किया है। कंपनी का कहना है कि यह केवल चंद्रा की छवि को खराब करने का प्रयास है।
सीबीआई वकील का मुद्दा जेपीसी में उठेगा : चाको
सीबीआई के 2जी मामले से सरकारी वकील को हटाने का मामला मंगलवार को होने वाली संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) की बैठक में उठाया जाएगा। जेपीसी इस मामले की पड़ताल कर रही है। समिति के चेयरमैन पीसी चाको ने कहा कि यह एक गंभीर मामला है। यह 2जी घोटाले की सीबीआई जांच से जुड़ा हुआ है। हम देखेंगे कि इस बारे में सीबीआई का क्या कहना है लेकिन यह मुद्दा मंगलवार को होनी वाली बैठक में जरूर उठेगा। इस बैठक में सीबीआई के शीर्ष अधिकारी पेश होकर 2जी मामले की प्रगति से अवगत कराएंगे।
क्या है 2जी स्पेक्ट्रम मामला
टेलीकॉम कंपनियों को 2जी स्पेक्ट्रम आवंटन में अनियमितता का मामला। इसके जरिए सरकारी खजाने को एक लाख 76 हजार करोड़ रुपये का चूना लगाया गया। इस मामले में तत्कालीन टेलीकॉम मंत्री डी. राजा समेत कई कंपनियों के अधिकारी फंसे हुए हैं। इस मामले में जेल में बंद रहे राजा इन दिनों जमानत पर बाहर हैं।