CBI ने जुटाया राजन के 32 साल का काला चिठ्ठा
सीबीआई के स्थानीय अधिकारियों ने शुक्रवार को मुंबई पुलिस आयुक्त कार्यालय जाकर अंडरवर्ल्ड डॉन छोटा राजन के अपराधों से जुड़ी सभी फाइलें हासिल कर लीं। सीबीआई के अधिकारी दोपहर के बाद मुंबई पुलिस आयुक्त अहमद जावेद के दफ्तर में पहुंचे और वहां से फाइलें इकट्ठा कीं।
बृहस्पतिवार की रात राज्य के अपर मुख्य सचिव (गृह) केपी बख्सी और मुंबई पुलिस आयुक्त ने संयुक्त रूप से प्रेस कांफ्रेंस कर अचानक घोषणा की थी कि छोटा राजन से संबंधित हर मामले की जांच सीबीआई करेगी, लेकिन उसके अपराधों की फाइल मुंबई पुलिस ने अपने पास ही रखी थीं।
मिला छोटा राजन के 32 सालों का काला चिठ्ठा
महाराष्ट्र गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव बख्शी के मुताबिक छोटा राजन के खिलाफ 75 मामले दर्ज हैं, जिसमें हत्या, वसूली और गैंगवार से जुड़े हुए हैं। इसमें 20 मकोका, एक पोटा और 4 मामले टाडा के तहत दर्ज किए गए हैं।
छोटा राजन के खिलाफ करीब 400 करोड़ रुपये के अपहरण और फिरौती के धंधे के अलावा सोने और शराब की तस्करी जैसे ढेरों गुनाह दर्ज हैं। छोटा राजन के खिलाफ लगे आरोपों की पुख्ता जांच के लिए मुंबई पुलिस ने सन 1979 से लेकर 2011 तक की पुरानी फाइलें इकट्ठा की हैं।