आजम को आतंकी कहने पर फंसे मोदी के मंत्री
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नगर विकास मंत्री आजम खान के खिलाफ विवादित बयान देने के मामले में केंद्रीय कृषि राज्यमंत्री डा. संजीव बालियान फंस गए हैं। उनके खिलाफ रामपुर के गंज थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है। मुकदमा आजम खान के मीडिया प्रभारी ने दर्ज कराया है।
21 दिसंबर को केंद्रीय कृषि राज्यमंत्री डा. संजीव बालियान कैलसा में आयोजित किसान सम्मेलन में पहुंचे थे। यहां पर प्रेस कांफे्रंस में उन्होंने नगर विकास मंत्री आजम खान पर निशाना साधा था। उनके खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। आरोप है कि डा. बालियान ने आजम को आतंकवादी तक बता दिया था।
नगर विकास मंत्री आजम खान के मीडिया प्रभारी फसाहत अली खान शानू ने गंज थाने में तहरीर दी है। उन्होंने आरोप लगाया है कि बालियान ने आजम को आतंकवादी, हत्यारा बताया है। इस बयान से समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंची है। शानू ने बालियान के बयान से शांतिभंग होने का भी खतरा जताया है। पुलिस ने डा. बालियान के खिलाफ आईपीसी की धारा 153 क और धारा 505 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
एसपी साधना गोस्वामी के मुताबिक तहरीर के आधार पर डा. बालियान के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी गई है।
आमने-सामने होंगे आजम और बालियान!
प्रदेश के कैबिनेट मंत्री आजम खान और केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री डॉ. संजीव बालियान 25 दिसंबर को शहर में रहेंगे। सियासत में दोनों एक-दूसरे के धुर विरोधी माने जाते हैं। मुजफ्फरनगर दंगे के बाद से दोनों नेताओं में जुबानी जंग चल रही है। 25 को मुजफ्फरनगर जिला योजना की बैठक है, जिसमें आजम खान बतौर प्रभारी मंत्री भाग लेंगे।
जिला पंचायत के सभाकक्ष में 25 दिसंबर को जिला योजना की बैठक बुलाई गई है। जिला योजना का सदस्य होने के नाते केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री डॉ. संजीव बालियान को भी बैठक में बुलावा भेजा गया है। आजम खान का कार्यक्रम जहां जारी हो चुका है और जिला प्रशासन उनके आगमन की तैयारी में जुटा है। वहीं संजीव बालियान के 25 दिसंबर को जिले में आने का कार्यक्रम मिल चुका है।
बालियान बैठक में हिस्सा लेंगे या नहीं, इसका खुलासा नहीं हो पाया है। केंद्रीय कृषि राज्यमंत्री का पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर गुडविल सोसायटी के कार्यक्रम में भाग लेने का कार्यक्रम जारी हुआ है। प्रोटोकोल के तहत आजम खान के धुर विरोधी होने के बावजूद संजीव बालियान को जिला योजना की बैठक में बुलाया जाना जिला प्रशासन की मजबूरी है। अब देखना यह है कि दंगे के बाद से ही एक-दूसरे के खिलाफ बयानबाजी करने वाले दोनों नेता आमने-सामने आएंगे या नहीं। आजम खान का आना महत्वपूर्ण इसलिए भी है क्योंकि दंगे के बाद वह पहली बार मुजफ्फरनगर आ रहे हैं। इससे पहले कई बार उनके कार्यक्रम निरस्त हो चुके हैं।