सावधान! जहरीला है मनी प्लांट
हर कोई चाहता है कि उसके ड्राइंग रूम और घर में सजावटी और खूबसूरत पौधे हों लेकिन आपको यह जानकार हैरानी होगी कि ये सजावटी पौधे जहरीले भी हो सकते हैं।
आम तौर पर ड्राइंग रूम में रखा जाने वाला डंब केन या डायफेनबाचिया (मनी प्लांट) भी एक ऐसा ही पौधा है। इसके संपर्क में आने पर त्वचा और मुंह में जलन के अलावा आंखों को भी नुकसान हो सकता है। इसके चलते जानकार इस पौधे को घर में न लगाने की सलाह देने लगे हैं।
भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान (आईवीआरआई) के कृषि विज्ञान केंद्र के बागवानी विशेषज्ञ डॉ. रंजीत सिंह ने बताया कि इस पौधे में ऑक्सलिक एसिड और एसपरजीन नामक बहुत जहरीला तत्व भी होता है।
आंखों को भी हो सकता है नुकसान
अगर इसका फ्लुड मुंह में चला जाए तो गले और मुंह में जलन ही नहीं, मुंह में छाले या जुबान में सूजन आदि भी हो सकती है। यही नहीं, डायरिया और आवाज भारी होने के साथ-साथ उल्टी भी हो सकती है। इसके आंखों से छूने पर आंखों में दर्द के अलावा कॉर्निया को भी नुकसान पहुंच सकता है।
---ये करें---
- इसे छूने के बाद साबुन से हाथ जरूर धोएं।
- दिक्कत महसूस होने पर ठंडे पानी से मुंह को तुरंत धोएं।
- अगर फ्लुड आंखों में चला गया या त्वचा में छू गया है तो उसे साफ पानी से अच्छी तरह धोएं।
- फ्लुड के पेट में जाने की स्थिति में दूध पिएं और डॉक्टर से परामर्श अवश्य लें।
---ये पौधे भी हैं खतरनाक---
- जंगली मटर (लेथरस सेटिवस), चेरी (प्रूनस सेरासस) की पत्तियों और बीजों में एमिगडेलिन होता है, जो साइनोजेनिक क्लाइकोसाइड है।
- किडनी बीन्स
- अरंडी (कैस्टर) या कैस्टर ऑयल
- कुचला (नक्स वुमिका)
- बेल्लाडोना प्लांट
- कसौंदी
- जरायन (लेंटाना कैमेरा)
- गाजर घास (पैथीनियम, हिस्टैरियोफोरस)
- वाइल्ड मशरूम
- भट कटैया (आरजीमोन मैक्सिकाना)