ढोंगी संतों के खिलाफ शुरू होगा पोल खोल अभियान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नए दौर के नए बाबाओं के विवादों में घिरने के बाद नासिक-त्र्यंबकेश्वर सिंहस्थ कुंभ मेले में असली और नकली संतों की पहचान करना मुश्किल हो गया है। श्रद्धालुओं के मन में संत-महंतों को लेकर दुविधा की स्थिति है। ऐसे में सनातन संस्था और हिंदू जनजागरण समिति ढोंगी संत-महंतों की पोल खोलने के लिए आगे आई है। इस संस्था ने भक्तों को ढोंगी संतों से सचेत करने की विशेष मुहिम शुरू कर दी है।
सिंहस्थ कुंभ मेले में लाखों श्रद्धालु नासिक के पंचवटी में गोदावरी के रामकुंड और त्र्यंबकेश्वर के कुशावर्त में स्नान करेंगे। कुंभ में संत-महंतों की भीड़ में ढोंगी बाबाओं का भी जमावड़ा लगेगा। बीयर बार मालिक से महामंडलेश्वर बने सच्चिदानंद महाराज की पदवी छिनने से लेकर राधे मां के खिलाफ लगे आरोपों के बीच श्रद्धालुओं में असली और नकली संतों के बारे में भ्रम की स्थिति है।
हिंदू जनजागृति समिति ने शुरू की जनजागरण मुहिम
इस स्थिति से उबारने के लिए सनातन संस्था ने धर्म जागृति, धर्म प्रसार और धर्म शिक्षण का त्रिसूत्रीय कार्यक्रम शुरू किया है। हिंदू जनजागृति समिति और सनातन संस्था ने 10 अगस्त से लेकर 30 सितंबर तक धर्म शिक्षा के बारे में प्रदर्शनी आयोजित की है। सनातन संस्था के समन्वयक अभय वर्तक ने बताया कि इस प्रदर्शनी के माध्यम से कुंभ मेले में असली और नकली संतों के बारे में बताया जाएगा।
संस्था के साधक प्रवीण नाईक के मुताबिक सच्चे संतों की तरफ से किसी भी तरह की मांग भी नहीं की जाती और वे किसी प्रकार का प्रलोभन भी नहीं देते। संस्था की ओर से आयोजित की गई इस प्रदर्शनी में आचार्य धर्म, धार्मिक अनुष्ठान, देव उपासना, बाल संस्कार, आयुर्वेद आदि से संबंधित ग्रंथ, कुंभ मेला और गोदावरी का महत्व, हिंदू धर्म में साधु-संतों का महत्व, मंदिर का संरक्षण, गोरक्षा, गंगारक्षा, धर्मांतर, लव जेहाद आदि मुद्दों पर जनजागरण शुरू किया गया है।