यूपी: मंत्री की तबीयत बिगड़ी, पहुंचे अस्पताल
बुधवार की दोपहर सपा की साइकिल रैली में शामिल कैबिनेट मंत्री नवाब इकबाल महमूद की हालत बिगड़ गई। साइकिल चलाते वक्त उन्हें सीने में तेज दर्द हुआ।
पहले तो संभल में ही प्राथमिक उपचार हुआ और बाद में उन्हें मुरादाबाद के हार्ट स्पेशलिस्ट डा. अनुराग मेहरोत्रा के नर्सिंग होम में भर्ती करा दिया गया। चिकित्सक के मुताबिक उन्हें कार्डियो प्राब्लम है। अब हालत में सुधार है।
सपा सरकार की उपलब्धियों और नीतियों के प्रचार प्रसार को सभी जनपदों में साइकिल रैली निकाली गई। संभल में पक्का बाग स्थित जिला कार्यालय से सपाई साइकिलों पर सवार होकर निकले।
महमूद थे सबसे आगे
कैबिनेट मंत्री नवाब इकबाल महमूद इस रैली में सबसे आगे चल रहे थे। कैबिनेट मंत्री करीब तीन किलोमीटर साइकिल चलाने के बाद चंदौसी चौराहे पर पहुंचे। यहां जलपान की व्यवस्था थी।
नवाब इकबाल ने भी यहां कोल्डड्रिंक पी। कुछ पल ठहरने के बाद काफिला आगे बढ़ गया। अचानक कैबिनेट मंत्री को सीने में दर्द हुआ। वह यहां से साइकिल लेकर ही घर आ गए।
घर पहुंचते ही बिगड़ी हालत
दोपहर को करीब साढ़े तीन बजे कैबिनेट मंत्री को डा. अनुराग मेहरोत्रा के नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है। अब उनकी हालत में सुधार है। पुलिस और प्रशासनिक अफसरों के साथ ही सपा के तमाम नेता वहां पहुंचे।
पहले पड़ चुका है दिल का दौरा
सीएमओ संभल डा. उमराव सिंह ने बताया कि कैबिनेट मंत्री को इससे पहले एक बार दिल का दौरा पड़ चुका है। आठ वर्ष पहले उन्हें दिल का दौरा पड़ा था। इसीलिए जब बुधवार को साइकिल रैली के दौरान उनके सीने में दर्द हुआ तो तत्काल मुरादाबाद में वरिष्ठ ह्रदय रोग विशेषज्ञ से परामर्श और उपचार लेने का निर्णय लिया गया।
‘कैबिनेट मंत्री नवाब इकबाल महमूद के सीने में तेज दर्द की शिकायत थी। उन्हें कार्डियो प्राब्लम है। फिलहाल वह पहले से बेहतर हैं। एहतियात के तौर पर उन्हें आईसीयू में रखा गया है।’
- डा. अनुराग मेहरोत्रा, हृदयरोग विशेषज्ञ