1360 रुपए में वाराणसी से पशुपतिनाथ की यात्रा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी के विश्वविख्यात ज्योतिर्लिंग बाबा विश्वनाथ और नेपाल की राजधानी काठमांडू के ऐतिहासिक पशुपतिनाथ मंदिर को जोड़ने के लिए भारत और नेपाल लक्जरी बस सेवा शुरू कर रहे हैं। इसकी शुरूआत बुधवार को वाराणसी से हो रही है। वाराणसी-काठमांडू बस सेवा दैनिक होगी और 604 किलोमीटर की इस यात्रा के लिए 1,360 रुपये का किराया रखा गया है।
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के वरिष्ठ आधिकारिक सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नेपाल यात्रा के दौरान वाराणसी-काठमांडू मार्ग पर दैनिक बस सेवा शुरू करने पर सहमति बनी थी। इसके बाद दोनों देशों के अधिकारी इस योजना को मूर्त रूप देने में लग गए थे।
इस यात्रा में भारत की तरफ से उत्तर प्रदेश राज्य पथ परिवहन निगम की बस होगी जबकि नेपाल की तरफ से नेपाल ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन बस उपलब्ध कराएगी। इसके लिए लक्जरी वोल्वो बसों की व्यवस्था की जा चुकी है।
ये होगा बस रूट
बस वाराणसी से रवाना होने के बाद आजमगढ़ होते हुए गोरखपुर पहुंचेगी। वहां से सोनौली बार्डर होते हुए नेपाल में प्रवेश कर जाएगी। वहां से भैरवां होते हुए काठमांडू पहुंच जाएगी। इस यात्रा का अनुमानित समय 12 घंटे है जबकि किराया 1,360 रुपये। यात्रा के दौरान भारत में सोनौली बार्डर पर और नेपाल में भैरवां में बस रोकी जाएगी ताकि यात्री भोजन आदि कर सकें।
बस सेवा को कार्यरूप देने के लिए उत्तर प्रदेश परिवहन के नोडल अधिकारी पीके बोस ने बताया कि शुरूआती दिन इस बस में जो भी यात्रा करेंगे उन्हें किराए में 30 फीसदी की छूट मिलेगी। इसके साथ ही उन्हें मिठाई का एक डिब्बा और बनारसी सिल्क का परिधान भी उपहार में दिया जाएगा। 31 मार्च तक इस बस में यात्रा करने वालों को 10 फीसदी का डिस्काउंट मिलेगा और एक अप्रैल से पूरा किराया वसूला जाएगा।
बोस ने बताया कि बस सेवा के टिकट ऑनलाइन बेचे जा रहे हैं और मंगलवार को शाम छह बजे तक इसके 85 फीसदी टिकट बिक गए थे। उनका कहना है कि सुबह बस रवाना होने से पहले शेष टिकटें भी बिक जाएगी क्योंकि इसके लिए काफी पूछताछ हो रही है।