खुशखबरी, आधी होंगी 3जी इंटरनेट की दरें!
मोबाइल इंटरनेट शुल्क में हो रही निरंतर बढ़ोतरी के ट्रेंड के विपरीत सरकारी क्षेत्र की दूरसंचार कंपनी भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) अपनी 3जी इंटरनेट की दरों में 50 प्रतिशत की कमी कर सकती है। कंपनी के नेटवर्क विस्तार का अगला चरण पूरा होने के बाद ऐसा किया जाएगा।
बीएसएनएल के चेयरमैन और प्रबंध निदेशक अनुपम श्रीवास्तव के अनुसार, ‘हमारा अनुमान है कि नेटवर्क विस्तार के आठवें चरण के तहत मौजूदा दरों के मुकाबले 3जी डाटा की दरों में 50 प्रतिशत की कमी की जा सकती है।
बीएसएनएल वर्तमान में निजी क्षेत्र की दूरसंचार कंपनियों की 2जी दर पर अपने उपभोक्ताओं को 3जी मोबाइल इंटरनेट डाटा उपलब्ध करा रही है। यह 175 रुपये में एक जीबी 3जी डाटा और 251 रुपये में 2 जीबी डाटा का ऑफर देती है।
तुंरत कटौती होने पर बढ़ सकती है ग्राहकों की संख्या
उन्होंने कहा कि ‘हम 3जी क्षमता का 90 प्रतिशत इस्तेमाल करते हैं। अगर हम अभी दरों में कटौती कर देंगे तो उपभोक्ताओं की संख्या में अचानक इजाफा हो जाएगा। बीएसएनएल का नेटवर्क अभी यह बोझ उठाने की स्थिति में नहीं है।
आठवें चरण के तहत बोझ उठाने की क्षमता में पर्याप्त विस्तार करने के बाद हम दरों में कटौती कर देंगे।’ कंपनी अभी सातवें चरण के नेटवर्क के विस्तार का काम कर रही है। इसमें 4,800 करोड़ रुपये का निवेश किया जा चुका है। यह काम इस साल जून में पूरा हो जाएगा।
सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी ने आठवें चरण के नेटवर्क विस्तार की योजना पर काम शुरू कर दिया है। वित्तीय वर्ष 2015-16 की पहली तिमाही में निविदाएं जारी करना शुरू कर दिया जाएगा।