मोदी की वजह से बॉलीवुड में हुए दोफाड़
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अपनी सेकुलर छवि का दंभ भरने वाला बॉलीवुड भी चुनावी रंग में रंग गया लगता है। लोकसभा चुनाव में पहली बार उद्योग के जाने-माने नाम साइड ले रहे हैं और लोगों को सलाह दे रहे हैं कि देश का सेकुलर किरदार को बचाए रखने के लिए चतुरता से वोट करें।
लेखक अंजुम राजबलि की अगुवाई में की गई इस सामूहिक अपील को बॉलीवुड के कई दिग्गजों का साथ मिला है। इसमें कहा गया है कि भ्रष्टाचार और सुशासन अहम मुद्दे हैं, लेकिन देश के सेकुलर किरदार से कोई समझौता नहीं हो सकता।
अपील में कहा गया है, "भ्रष्टाचार और सुशासन अहम मुद्दे हैं और हमें सरकार को जवाबदेह बनाने की दिशा में काम करना होगा, लेकिन देश के सेकुलर किरदार से कोई समझौता नहीं हो सकता।"
सेकुलर पार्टी और नेता को वोट देने की अपील
जाने-माने फिल्म निर्माता महेश भट्ट, इम्तियाज अली, जोया अख्तर, विशाल भारद्वाज, कबीर खान, गायिका शुभा मुदगल और धूम 3 बनाने वाले निर्देशक विजय कृष्णा आचार्य ने इस अपील पर दस्तखत किए हैं। लेकिन इस अपील ने बॉलीवुड को सियासी खेमों में बांट दिया है।
भाजपा की तरफ से पीएम पद के दावेदार नरेंद्र मोदी पर गुजरात दंगों को लेकर कांग्रेस की तरफ से बार-बार हमले किए जा रहे हैं। मोदी इस वक्त अपने राजनीतिक करियर की सबसे बड़ी चुनौती से जूझ रहे हैं।
राजाबलि ने हालांकि जोर दिया कि सेलेब्रिटी ने मतदाताओं से किसी खास राजनीतिक दल या नेता को वोट देने या फिर पक्ष लेने के लिए नहीं कहा है। लेकिन इस मामले ने सियासी रंग जरूर ले लिया है।
'हम किसी का पक्ष नहीं ले रहे'
उन्होंने कहा, "हम लोगों से किसी खास दल या पार्टी को वोट देने के लिए नहीं कह रहे और न ही ऐसी कोई अपील कर रहे हैं। हम सिर्फ यह कह रहे हैं कि ऐसे शख्स और पार्टी को वोट दीजिए, जो सेकुलर हों।"
राजाबलि ने कहा, "हम किसी का पक्ष नहीं ले रहे। धर्मनिरपेक्षता सबसे अहम कारक है। यह हमारे भारतीय समाज का मुख्य आधार है। हम लोगों से आग्रह कर रहे हैं कि वो वोट देते वक्त इस बात का ख्याल रखें।"
इस अपील के मोदी विरोधी और कांग्रेस के समर्थन में होने के बारे में पूछने पर महेश भट्ट का कहना है, "हमारा यह मतलब कतई नहीं है, न ही यह अर्थ लगाया जाना चाहिए। हम सिर्फ लोगों से उसके लिए वोट करने के लिए कह रहे हैं, जो सेकुलर हो।"
महेश भट्ट ने क्या-क्या कहा?
उन्होंने कहा, "हालांकि, इस देश में रहने वाले ज्यादातर लोग हिंदू हैं, लेकिन मुस्लिम, पारसी, ईसाई और अन्य भी यहां बसते हैं। इसलिए एक राजनीतिक दल या व्यक्ति को सभी का ख्याल रखना चाहिए।"
भट्ट ने कहा, "हम फिल्मी जगत के लोग भी इसी देश के नागरिक हैं और हम लोगों से सही व्यक्ति को वोट देने की अपील कर रहे हैं। अगर भाजपा या कोई और सेकुलरवाद के साथ है, तो मैं उसके साथ हूं। हमारे देश की विचारधारा राजनीतिक, आर्थिक और सामाजिक रूप से सभी को सुरक्षित रखने से जुड़ी है।"
हालांकि, राजाबलि और दूसरों की यह कोशिश बॉलीवुड में ही कुछ लोगों को नापसंद गुजरी है। पेज 3 जैसी फिल्में बनाने वाले मधुर भंडारकर ने कहा, "मुझे हैरानी है कि कुछ साथी तथाकथित बांटने वाली ताकतों को रोकने के बहाने खुद ही बॉलीवुड जैसे सेकुलर उद्योग को बांटने का काम कर रहे हैं।"
मधुर भंडारकर, अनुपम मोदी के साथ
मधुर ने कहा, "ऐसे शख्स पर हमला करना साजिश और गैर-जरूरी डर दिखाता है, जिसने किसी भी और नेता की तुलना में अपने प्रदेश के लिए कहीं ज्यादा काम किया है।"
चंडीगढ़ से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ रहीं किरण खेर के पति और दिग्गज एक्टर अनुपम खेर का कहना है कि लोगों को यह कहा जा रहा है कि सही शख्स को वोट करें, लेकिन उन्हें यह भी पता होना चाहिए कि वो नरेंद्र मोदी के लिए वोट करें।
पटकथा लेखक सलीम खान ने बुधवार को कहा कि मुस्लिमों को गुजरात दंगों की यादों को पीछा छोड़कर आगे बढ़ना होगा और समुदाय देश में पूरी तरह सुरक्षित है।
सलीम खान ने की तारीफ
नरेंद्र मोदी की उर्दू साइट लॉन्च करते हुए सलीम ने कहा, "जब मेरी मां का इंतकाल हुआ, तो मुझे लगा कि मैं जी नहीं पाऊंगा, लेकिन मैं जीवित हूं। यहां तक कि काफी वक्त पहले मेरे वालिद साहब भी चल बसे।"
सलमान खान के पिता ने सवाल किया, "क्या मुझे आज इस बात पर रोना चाहिए? कोई भी दंगों को सही नहीं ठहरा सकता। यह कभी नहीं होना चाहिए था। मुझे यकीन है कि मोदी ने सबक सीख लिया है। उनकी सरकार में अब किसी की मौत नहीं होगी।"
इससे पहले सलमान खान गुजरात गए थे, जहां उन्होंने मोदी के साथ पतंग उड़ाई। जब उनसे पूछा गया, तो उन्होंने कहा था, "जो भी बेस्ट मैन है, वो देश का पीएम बनना चाहिए।"