पीएम मोदी की सुरक्षा करने के लिए तैनात होंगे 9,000 जवान
उत्तर प्रदेश के वाराणसी में 22 फरवरी को रविदास जयंती समारोह और बीएचयू के शताब्दी दीक्षांत समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन के मद्देनजर सुरक्षा रणनीति का ब्लूप्रिंट तैयार कर लिया गया है।
एसपीजी, एनएसजी और एटीएस के अलावा डीजी सुरक्षा गोपाल गुप्ता के नेतृत्व में एक एडीजी, दो आईजी, तीन डीआईजी और 14 पुलिस अधीक्षक सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभालेंगे।
उत्तर प्रदेश पुलिस, पीएसी और केंद्रीय अर्द्धसैनिक बलों को मिलाकर तकरीबन नौ हजार सुरक्षा कर्मी तैनात होंगे। सीर से बीएचयू तक का समूचा इलाका सुरक्षा एजेंसियों की नजर में होगा।
सीसीटीवी कैमरों और अत्याधुनिक उपकरणों के अलावा बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वॉड, एंटी सबाटोज और एंटी माइंस डिटेक्टर टीमों के जरिये सुरक्षा इंतजामों को पुख्ता बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी गई है। केंद्र और राज्य की खुफिया एजेंसियों की भी चप्पे-चप्पे पर नजर है।
पीएम के शहर आगमन को देखते हुए बाबतपुर एयरपोर्ट, रविदास मंदिर और बीएचयू एंफीथिएटर मैदान की सुरक्षा व्यवस्था पर शनिवार को पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों ने गहन मंत्रणा की।
सुरक्षा प्रबंधों में 14 पुलिस अधीक्षक, 27 एडिशनल एसपी, 54 क्षेत्राधिकारी, 66 थाना प्रभारी, 649 सब इंस्पेक्टर, 565 हेड कांस्टेबल, 3750 कांस्टेबल, 64 महिला सब इंस्पेक्टर और 275 महिला कांस्टेबल की ड्यूटी लगाई गई है। इसके अलावा, 10 कंपनी सीपीएमएफ, 14 कंपनी पीएसी और एक कंपनी आरएएफ के जवान सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करेंगे।
सादे वेश में खुफिया अधिकारी
रविदास मंदिर क्षेत्र और बीएचयू एम्फीथिएटर मैदान में साधारण वेशभूषा में खुफिया एजेंसियों के जवान निगरानी करेंगे। खुफिया एजेंसियों के जरिये पल-पल की गतिविधियों की रिपोर्ट उच्चाधिकारियों तक पहुंचेगी। इस दौरान किसी भी प्रकार की असहज स्थिति के पैदा होते ही उसको सेकेंडों में काबू करने की कार्ययोजना पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने तैयार कर ली है।
हेलीकाप्टर उतरने का पूर्वाभ्यास, आज फ्लीट की बारी
वाराणसी। पीएम के आगमन के मद्देनजर शनिवार को एसपीजी के अधिकारियों ने बाबतपुर हवाईअड्डे से लेकर बीएचयू स्थित हेलीपैड तक हेलीकॉप्टर को उतारने का पूर्वाभ्यास किया। इस दौरान तीन हेलीकॉप्टर को उतारने का पूर्वाभ्यास किया गया। रविवार को डीजी सुरक्षा गोपाल गुप्ता पुलिस लाइन में सुरक्षा रणनीति के तहत जवानों को उनकी ड्यूटी के बारे में दिशा-निर्देश देंगे। इसके बाद पीएम के फ्लीट के आवागमन का पूर्वाभ्यास होगा। इसके मद्देनजर पीएम की फ्लीट में शामिल होने वाली गाड़ियां शनिवार की सुबह ही पुलिस लाइन आकर खड़ी हो गई हैं।
देर रात तक सार्वजनिक स्थानों पर तलाशी
पीएम के आगमन के मद्देनजर डीजीपी के निर्देश पर शनिवार की देर रात तक शहर के होटलों, धर्मशालाओं, रेलवे स्टेशनों, बस अड्डों, घाटों सहित अन्य सार्वजनिक स्थानों पर पुलिस ने सघन तलाशी अभियान चलाया। एसएसपी आकाश कुलहरि ने मातहतों को निर्देश दिया है कि संदिग्धों, शरारती तत्वों और अफवाह फैलाने वालों पर प्रत्येक थानाध्यक्ष पैनी निगाह रखें। सूचना तंत्र मजबूत रखकर ऐसे लोगों के खिलाफ तत्काल ठोस निरोधात्मक कार्रवाई की जाए।