राधा टिंब्लो ने BJP, कांग्रेस को दिए लाखों
विदेशों में काला धन रखने के मामले में केंद्र सरकार ने जिन आठ नामों को उजागर किया हैं, उनमें से एक टिंब्लो समूह की मालकिन राधा एस टिंब्लो भाजपा और कांग्रेस को नियमित चंदा देती रही हैं।
2004 से 2012 के बीच उन्होंने भाजपा को 1.18 करोड़ और कांग्रेस को 65 लाख रुपए चंदा दिया था। ये आंकड़े चुनावों में पारदर्शिता रखने के लिए कार्य कर रहे संगठन एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिर्फार्म ने दिए हैं।
संगठन के संस्थापक सदस्य जगदीश चोक्कर ने विभिन्न पार्टियों द्वारा चुनाव आयोग को सौंपे गए चंदों के विवरणों का विश्लेषण करने के बाद कहा है कि 2004 और 2011 के बीच टिंब्लो प्राइवेट लिमिटेड, जिसकी मालकिन राधा टिंब्लो हैं, ने भाजपा को नौ बार चंदा दिया, जिसमें कुल 1.18 करोड़ की रकम दी गई।
कंपनी ने कांग्रेस को तीन बार चंदा दिया। जिसमें 7 सालों में कुल 65 लाख रुपए दिए गए।
केंद्र सरकार ने सुप्रीम कोर्ट को दिया था हलफनामा
उल्लेखनीय है कि केंद्र सरकार ने सोमवार को विदेशी बैंकों में जमा काले धन के मामले में आठ नामों का खुलासा किया था, जिनमें सात व्यक्तियों और एक कंपनी का नाम शामिल है।
सुप्रीम कोर्ट में दायर केंद्र सरकार के हलफनामे में डाबर इंडिया के प्रमोटर प्रदीप बर्मन, राजकोट के सर्राफा व शेयर कारोबारी पंकज चिमनलाल लोढ़िया और गोवा की खनिज कंपनी टिंब्लो प्राइवेट लिमिटेड की मालिक राधा एस टिंब्लो और इसी कंपनी की पांच निदेशक चेतन एस टिंब्लो, रोहन एस टिंब्लो, अन्ना सी टिंब्लो और मल्लिका आर टिंब्लो के नामों को खुलासा किया गया था।
हालांकि नाम सामने आने के बाद लोढ़िया ने विदेशी बैंक में खाता होने की बात से ही इनकार कर दिया, जबकि प्रदीप बर्मन की ओर से सफाई आई की उनका खाता पूरी तरह वैध है। राधा एस टिंब्लो ने कहा के वे हलफनामे को पढ़ने के बाद ही जवाब देंगी।