425 सीटों पर प्रत्याशी उतारेगी भाजपा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता के रथ पर सवार भाजपा पहली बार लोकसभा की लगभग 425 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी।
पार्टी अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने कहा कि एनडीए सभी 543 सीटों पर प्रत्याशी खड़े करेगा। उन्होंने एक बार फिर दावा किया कि भाजपा अपने ‘मिशन 272 प्लस’ के जादुई आंकड़े को हासिल करने में कामयाब रहेगी।
इस ‘जादुई आंकड़े’ में भाजपा उत्तर प्रदेश से कम से कम 50 सीटें जीतने की उम्मीद कर रही है। राजनाथ ने अमर उजाला से विशेष बातचीत में कहा कि उत्तर प्रदेश समेत पूरे देश में मोदी की लहर है, इससे जरूर ‘चमत्कार’ होगा।
400 से ज्यादा सीटों पर दांव
उन्होंने कहा कि भाजपा और एनडीए के सहयोगी इस बार दक्षिण से लेकर पूर्वोत्तर के राज्यों में भी ज्यादा से ज्यादा प्रत्याशी उतारेंगे। बहरहाल, यह पहला मौका होगा जब भाजपा चुनाव मैदान में अकेले दम पर 400 से ज्यादा सीटों पर दांव लगाएगी।
पिछली बार भाजपा ने 359 सीटों पर प्रत्याशी उतारे थे। लोकसभा की 300 सीटें ऐसी हैं जिन पर पार्टी कभी न कभी एक बार जीत हासिल कर चुकी है। दक्षिण और पूर्वोत्तर की 200 सीटों पर उसकी दमदार मौजूदगी नहीं है लेकिन राजनाथ ऐसा नहीं मानते।
उन्होंने कहा कि मोदी की रैलियों में आ रही भीड़ इस बात का सबूत है कि अब पार्टी का जनाधार बढ़ा है। उन्होंने कहा कि रैलियों की भीड़ वोट में भी तब्दील होगी।
नए चेहरों को ज्यादा मौके
इधर, कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के युवा वर्ग पर विशेष ध्यान देने तथा आम आदमी पार्टी के भी मैदान में कूद जाने के बाद भाजपा के एजेंडे में भी युवा आ गए हैं।
राजनाथ ने कहा कि इस बार उत्तर प्रदेश समेत पूरे देश में 25 से 45 साल तक के युवा और नए चेहरों को ज्यादा मौका दिया जाएगा। कांग्रेस और आम आदमी पार्टी में से भाजपा किसे बड़ी चुनौती मानती है?
इसके जवाब में राजनाथ ने कहा कि वे किसी से चुनौती अथवा किसी को प्रतिद्वंद्वी नहीं मानते। उन्होंने कहा कि आप पार्टी भी अन्य दलों जैसी है।