सोनिया के वार पर भाजपा का पलटवार
नरेंद्र मोदी सरकार के सौ दिन की कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की ओर से की गई आलोचना पर पलटवार करते हुए भाजपा ने पलटवार करते हुए कहा है कि शायद सोनिया गांधी के भाषण लेखकों ने अपना होमवर्क सही ढंग से नहीं किया है।
मोदी पर साधे गए निशाने के जवाब में केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कहा कि आज देश के पास एक कद्दावर नेता है। एक शक्तिशाली प्रधानमंत्री है, जिसकी आवाज देश में नहीं पूरी दुनिया में सम्मान के साथ सुनी जाती है।
सोनिया ने हरियाणा की एक चुनावी सभा में प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साधते हुए कहा था कि नई सरकार ऐसे आचरण और दावे कर रही है, जैसे आजादी के बाद की सरकारों ने देश के लिए कुछ किया ही नहीं हो।
रैली में उन्होंने सवाल किया कि लोकसभा चुनाव के दौरान किए गए वादों को पूरा करने के लिए उन्होंने क्या कदम उठाए हैं। उन्होंने यह भी पूछा कि विदेशों में जमा भारतीयों के काले धन को लाने के वादे का क्या हुआ?
इस हमले के जवाब में प्रसाद ने कहा, "मुझे यह कहते हुए दुख हो रहा है कि सत्ता से बाहर होने के बाद भी सोनिया जी के भाषणों के लेखक अपना होमवर्क नहीं कर रहे हैं। इसलिए शायद वह कभी-कभार इस तरह की बातें कह देती हैं। अगर वह आइने में देखेंगी तो उन्हें अपनी गलती का अहसास होगा।"
'यूपीए सरकार ने सिर्फ दावे किए'
काले धन मुद्दे पर सोनिया के आरोपों का जवाब देते हुए प्रसाद ने कहा, "आपकी सरकार सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बावजूद काले धन पर दो साल तक एसआईटी का गठन नहीं कर पाई। हमने अपनी कैबिनेट की पहली ही बैठक में एसआईटी का गठन कर दिया। अब स्विट्जरलैंड सहित पूरा विश्व काले धन के बारे में सूचनाएं देने के लिए हमें सहयोग के लिए तैयार है। जबकि सोनिया सरकार केवल बडे़-बड़े दावे करती थी। जबकि मोदी सरकार निर्णय करती है और उन्हें लागू करती है।"
मोदी सरकार पर यूपीए सरकार की योजनाओं का नाम बदलकर उन्हें अपनी योजना बताने के कांग्रेस अध्यक्ष के आरोप के जवाब में प्रसाद ने कहा कि यदि यूपीए सरकार में सब कुछ अच्छा था तो चुनावों में कांग्रेस की यह गति क्यों बनी। सोनिया जी आपकी सरकार ने एक कमजोर प्रधानमंत्री दिया और इसलिए न तो आपकी पार्टी और न ही कोई मंत्री उनकी बात सुनता था। आज भारत के पास एक कद्दावर नेता है। एक शक्तिशाली प्रधानमंत्री है, जिसकी आवाज देश में ही नहीं, पूरी दुनिया में सम्मान के साथ सुनी जाती है।
महाराष्ट्र में मोदी के दिए गए बयान को दोहराते हुए प्रसाद ने कहा कि जिन लोगों ने 60 साल तक कुछ नहीं किया। वे अब कह रहे हैं कि 60 दिन में कुछ नहीं हुआ।
नई सरकार की जन धन योजना की सफलता का उल्लेख करते हुए प्रसाद ने सोनिया गांधी से पूछा कि कांग्रेस के शासनकाल में गरीबों और किसानों के लिए क्या कदम उठाए गए थे?