भाजपा अध्यक्षों का रहा है संदिग्ध इतिहास: कांग्रेस
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नए खुलासों के बाद कांग्रेस ने अब भाजपा अध्यक्ष नितिन गडकरी को भ्रष्टाचार के मामले में घेरते हुए कहा है कि लूट खसोट के मामले में भाजपा अध्यक्षों का इतिहास संदिग्ध रहा है। बंगारू लक्ष्मण भी कैमरे में घूस लेते पकड़े गए थे। कांग्रेस प्रवक्ता राशिद अल्वी ने कहा कि यह बेहद शर्म की बात है कि सच्चाई सबके सामने आने के बावजूद भाजपा लगातार अपने अध्यक्ष का बचाव कर रही है। कांग्रेस ने गडकरी के खिलाफ व्यापक रणनीति बना ली है। पार्टी का लक्ष्य है कि वह भाजपा पर इतना दबाव बनाए कि गडकरी अध्यक्ष पद से अपना इस्तीफा दे दें।
यूपीए सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप ठोकने वाली भाजपा पर अब कांग्रेस ने खुल कर वार कर दिया है। शुरुआती सतर्कता के बाद पार्टी इस मामले को अब छोड़ना नहीं चाह रही है और लगातार इस मामले को तूल देने में जुट गई है। नितिन गडकरी की कंपनियों की अनियमितताओं को लेकर कांग्रेस ने बृहस्पतिवार को फिर करारा जवाब दिया है। कांग्रेस प्रवक्ता राशिद अल्वी ने कहा कि अपने भ्रष्टाचार पर पर्दा डालने का भाजपा का पुराना इतिहास रहा है।
अल्वी ने कहा कि हर पार्टी का अपना चरित्र और अपनी विचारधारा होती है। जिस पार्टी का अध्यक्ष ही गले तक भ्रष्टाचार में डूबा हो और उसका समूची पार्टी बचाव करे तो हमें जनता को बंगारू लक्ष्मण की याद दिलानी पड़ेगी। जिन्हें कोर्ट ने रिश्वत के मामले में दोषी करार दिया है। पार्टी उनका भी बचाव करती रही थी। केंद्रीय राज्यमंत्री सचिन पायलट ने भी गडकरी को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि इस मामले की जांच संघीय एजेंसियों द्वारा की जानी चाहिए। अगर इस मामले में धांधली हुई तो उचित कार्रवाई होना बेहद जरूरी है।