भाजपा ने जारी की ‘एजेंट एके-49’ सीडी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भाजपा के प्रधानमंत्री उम्मीदवार नरेंद्र मोदी के सियासी हमले के बाद अब भाजपा ने भी आम आदमी पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल के खिलाफ अपने तेवर तीखे कर दिये हैं।
पार्टी ने मोदी के शब्दों को दोहराते हुए आरोप लगाया कि केजरीवाल पाकिस्तान के एजेंट हैं और उन्होंने आम आदमी पार्टी को अपने निजी प्रमोशन के लिए ‘अरविंद अपना प्रोपोगंडा’ पार्टी बना दिया है।
भाजपा ने आप पार्टी की वेबसाइट में देश के नक्शे में कश्मीर व अरुणाचल को अलग रंग में दिखाने पर कड़ी आपत्ति जताते हुए इसे चुनावी मुद्दा बना दिया है।
इसके लिए कश्मीर को लेकर आप पार्टी की नीति व विवादित बयानों को लेकर बाकायदा एक सीडी तैयार की गई है। इसका नाम है -एजेंट एके-49। इसमें आप पार्टी नेता प्रशांत भूषण के विवादित बयानों को भी प्रमुखता से दर्ज किया गया है।
केजरीवाल पर मुद्दों से भागने का लगाया आरोप
सीडी में केजरीवाल पर मोदी के सियासी हमले वाला बयान भी दर्ज है। पार्टी प्रवक्ता निर्मला सीतारमन ने कहा कि जिस कश्मीर को लेकर देश के हजारों जवानों ने अपने प्राणों का बलिदान दे दिया, उसे आम आदमी पार्टी के नेता पाकिस्तान को देने की बात कहते रहे हैं।
इसलिए उनके इन विचारों को जनता को बताना जरूरी है। उन्होंने कहा कि केजरीवाल हर मुद्दे को बीच में छोड़कर भाग जाते हैं।
भारतीय राजस्व सेवा, इंडिया अगेंस्ट करप्शन, अन्ना हजारे से लेकर दिल्ली के लोगों को बीच में छोड़कर चले गये। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार का मसीहा होने का दावा करने वाले केजरीवाल अब कांग्रेस के भ्रष्टाचार पर खामोश क्यों हो गये हैं।