40 मिनट तक लिफ्ट में फंसे रहे अमित शाह, लालू ने उड़ाया मजाक
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह और तीन वरिष्ठ नेता करीब 40 मिनट तक यहां राजकीय गेस्ट हाउस में लिफ्ट में फंसे रहे जिसके कारण सुरक्षाकर्मियों और पार्टी के अधिकारियों को काफी मुशीबत का सामना करना पड़ा।
सूचना पर बाद में सीआरपीएफ ने अमित शाह एवं अन्य पार्टी के लोगों को बाहर निकाला।बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मंगल पांडे ने कहा कि गुरुवार रात करीब 11.30 बजे लिफ्ट दो मंजिलों के बीच फंस गई और लिफ्ट में लगा मेटल का दरवाजा एकदमजाम हो गया।
इस दैरान उस आपात स्थिति से निपटने के लिए वहां कोई लिफ्ट परिचालक या कोई कर्मचारी सक्षम नहीं था, जो कि उन्हें बाहर निकाल सके। बताया कि लिफ्ट में फंसे सभी लोगों का सेल फोन भी नेटवर्क क्षेत्र से बाहर बता रहा था।
यह घटना तब घटी जब अमित शाह, राज्य के प्रभारी भूपेन्द्र यादव, सचिव नागेन्द्रजी और महासचिव सुदान सिंह एवं सुरक्षाकर्मियों के साथ राजकीय गेस्ट हाउस में ग्राउंड फ्लोर से पहले माले पर जा रहे थे।
लालू ने उड़ाया शाह का मजाक
आरजेडी प्रमुख लालू यादव ने अमित शाह का मजाक उड़ाया। उन्होंने शाह को मोटा कह डाला। अमित शाह के लिफ्ट में फंसने पर लालू यादव ने चुटकी ली।
शाह पर चुटकी लेते हुए लालू ने कहा कि 'बिहार की लिफ्ट साईज में छोटी हैं और अमित शाह काफी मोटे हैं उन्हें लिफ्ट में जाने से परहेज करना चाहिए था।
दरवाजा तोड़कर निकाले गए अमित शाह
बाद में सीआरपीएफ के जवानों ने लिफ्ट के स्टील के दरवाजे को तोड़कर अमित शाह और अन्य लोगों को बाहर निकाला। ये जवान वहां जेड प्लस सुरक्षा के तौर पर तैनात थे।
घटना के बारे बताते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मंगल पांडे ने बताया कि लिफ्ट के दरवाजे को किसी भी तरह खोलने के कई प्रयास किए गए लेकिन सभी प्रयास असफल हो गए।
लोग लिफ्ट में फंसे लोगों के लिए चिंति हुए जा रहे थे, लेकिन कुछ भ्ज्ञी नहीं हो पा रहा था। करीब 40 मिनट तक फंसे होने के बाद सीआरपीएफ के जवानों को लिफ्ट का दरवाजा तोड़ने को कहा गया। जिसके बाद फंसे लोगों को बाहर निकाला गया।
पांडे ने कहा कि प्रदेश के गेस्टहाउस में घटी यह घटना यहां के जिम्मेदार लोगों के लिए उनकी गैर जिम्मेदारी को दर्शाता है। कहा कि जेड श्रेणी की सुरक्षा प्राप्त व्यक्ति के गेस्ट हाउस में रूकने के बावजूद इस आपात स्थिति से निपटने को सरकार का कोई भी कर्मचारी मौजूद नहीं था।
बहरहाल, अमित शाह शुक्रवार सुबह की फ्लाइट से नई दिल्ली रवाना हो गए। वह गुरूवार पटना में स्थानीय दैनिक की ओर से आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए पटना आए थे।
इस दैरान वह पटना में राजकीय गेस्ट हाउस में ठहरे हुए थे और बिहार में विधानसभा चुनाव के संबंध में पार्टी नेताओं के साथ बैठक कर रहे थे।