अगर शिवसेना नहीं झुकी तो पढ़िए भाजपा का अगला प्लान
शिवसेना ने अगर सोमवार तक अपने हथियार नहीं डाले तो भाजपा महाराष्ट्र में अल्पमत सरकार बनाने की पहल करेगी। साथ ही भाजपा ने उपमुख्यमंत्री पद का दावा छोड़ने वाली शिवसेना की दर्जन भर अहम मंत्रालय देने की मांग भी ठुकरा दी है।
शिवसेना के रुख भांपने के लिए पार्टी ने सोमवार को होने वाली भाजपा विधायक दल की बैठक भी टाल दी है। अब पार्टी विधायक दल की बैठक 28 अक्तूबर, मंगलवार को हुई, जिसमें नए मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान किया जाएगा।
मुख्यमंत्री पद के लिए महाराष्ट्र भाजपा अध्यक्ष देवेंद्र फडनवीस का नाम सबसे आगे हैं। उनके डेढ़ दर्जन मंत्रियों के साथ 30 अक्तूबर को वानखेड़े स्टेडियम में शपथ लेने की बात कही जा रही है। मंगलवार को विधायक दल की बैठक में पर्यवेक्षक के तौर पर हिस्सा लेने राजनाथ सिंह और जेपी नड्डा मुंबई पहुंचेंगे।
भाजपा शिवसेना को महत्वपूर्ण मंत्रालय देने को तैयार नहीं
महाराष्ट्र में भाजपा-शिवसेना की साझा सरकार बनने के आसार लगातार कम होते जा रहे हैं। शिवसेना ने उपमुख्यमंत्री पद पर अपना दावा छोड़ साझा सरकार बनाने की दिशा में सकारात्मक संदेश दिया था। मगर भाजपा उसे दर्जन भर महत्वपूर्ण मंत्रालय देने को तैयार नहीं है। पार्टी चाहती है कि शिवसेना उसे बिना शर्त समर्थन दे और भाजपा की इच्छा के अनुरूप मंत्री पद स्वीकार करे। भाजपा के इस कड़े रुख के बाद शिवसेना की ओर से भी नउम्मीदी जाहिर कर दी गई है। हालांकि विधायक दल की बैठक होने में अभी देरी है, इसलिए अब सबकी निगाहें सोमवार के घटनाक्रम पर टिकी हैं।
भाजपा सूत्रों ने बताया कि पार्टी नेतृत्व ने राज्य में अल्पमत सरकार बनाने का फैसला कर लिया है। इस रणनीति के तहत पार्टी मंगलवार को विधायक दल की बैठक बुलाकर फडनवीस के नाम पर सहमति बनाएगी।
महाराष्ट्र भाजपा नेता विनोद तावड़े ने बताया कि मंगलवार को सुबह 11 बजे विधान भवन में विधायक दल की बैठक में नेता का चुनाव किया जाएगा। इसके बाद बाद पार्टी राज्यपाल से मिलकर सरकार गठन का दावा पेश करेगी। तावड़े ने यह भी कहा कि पार्टी की शिवसेना के साथ बातचीत चल रही है लेकिन उन्होंने ज्यादा जानकारी देने से इनकार कर दिया।
अब खड़से को सीएम बनाने के लिए पदयात्रा
फडनवीस का नाम लगभग तय होने के बावजूद मुख्यमंत्री पद को लेकर रस्साकशी जारी है। गडकरी समर्थकों के शांत होने के बाद अब एकनाथ खड़से के समर्थकों ने दबाव बनाया शुरू किया है। खड़से को सीएम बनाने के लिए समर्थकों ने जलगांव में पदयात्रा निकाली और पूजा अर्चना की।
20 मंत्रियों के साथ शपथ ले सकते हैं फडनवीस
अल्पमत सरकार बनाने का मन बना चुकी भाजपा अपने मुख्यमंत्री के साथ 20 मंत्रियों को 30 अक्तूबर को वानखेड़े स्टेडियम में शपथ दिलवा सकती है। हालांकि पहले मुख्यमंत्री समेत 5 मंत्रियों के शपथ लेने की संभावना थी।