सदन में प्रियंका की तस्वीर देख रहे थे बीजेपी MLA
एक तरफ कर्नाटक विधानसभा में गन्ने की कीमतों को लेकर महत्वपूर्ण बहस चल रही थी, वहीं दूसरी ओर बीजेपी के एक विधायक अपने मोबाइल पर प्रियंका गांधी के फोटो देखने में मशगूल थे। उस समय विधानसभा में जेडीएस प्रमुख एचडी कुमारस्वामी बोल रहे थे। वीडियो क्लिप में 44 वर्षीय प्रभु चवन को प्रियंका गांधी के फोटो को जूम करके देखते हुए दिखाया गया है।
इसके अलावा चवन अपने परिवार की और नरेन्द्र मोदी की फोटो देख रहे थे। प्रियंका की फोटो को चवन जूम करके देख रहे थे और अपने साथ बैठे एल ए रवि सुब्रमण्य को भी दिखा रहे थे, जो बसवानागुड़ी के विधायक हैं।
विधान सभा में इस तरह की हरकत की क्लिप देखकर बीजेपी विधायक काफी शर्मिन्दा हुए हैं। स्पीकर कागोडु थिमप्पा ने कहा कि वह विधान सभा में मोबाइल के इस्तेमाल पर बैन लगाने पर विचार कर रहे हैं। इस पर सोमवार को मीटिंग करके कोई फैसला लिया जाएगा।
'नीचे लिखी लाइन पर कर रहे थे जूम'
इस मामले पर सफाई देते हुए चवन ने कहा है कि वह अपने परिवार, नरेन्द्र मोदी और योग गुरू बाबा रामदेव की फोटो देख रहे थे, जिसमें उन्हें प्रियंका गांधी की फोटो मिली।
उनके अनुसार वह प्रियंका गांधी के फोटो पर जूम नहीं कर रहे थे, बल्कि उसके नीचे लिखी लाइन पर जूम कर रहे थे, क्योंकि छोटे अक्षरों में लिखे होने के कारण उसे पढ़ने में दिक्कत हो रही थी।
पहले भी हो चुके हैं ऐसे मामले
सिर्फ बीजेपी के मंत्री ही इस तरह की हरकत नहीं करते हैं। हावेरी के हीरेकेरुर से विधायक यूबी बानाकर (UB Banakar) को विधानसभा में कैंडी क्रश खेलते हुए देखा गया था।
इसके अलावा फरवरी 2012 में बीजेपी के तीन मंत्री लक्ष्मण सावादी, कृष्णा जे पालेमर और सीसी पाटिल को विधानसभा में अपने मोबाइल पर पोर्न देखते हुए पाया गया था। इसके बाद इन तीनों मंत्रियों को इस्तीफा भी देना पड़ा था।