यूपी: भाजपा नेता की गोलियों से भूनकर हत्या
सोमवार की रात टप्पल के गांव जहानगढ़ में रसूखदार भाजपा नेता और प्रधान पति ज्ञानचंद्र शर्मा उर्फ ज्ञानी प्रधान की बोलेरो सवार अज्ञात बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसा कर हत्या कर दी, जबकि ज्ञानी का ड्राइवर घायल हो गया।
हत्या में जिले के एक कद्दावर राजनेता का हाथ होने की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद थाना टप्पल पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई। मौके पर एसपीआरए और कई थानों का फोर्स पहुंच गया। गांव जहानगढ़ में भी फोर्स तैनात कर दिया है।
गांव जहानगढ़ की प्रधान निर्मला देवी के पति ज्ञानचंद्र एक वर्ष पहले टप्पल सहकारी समिति के अध्यक्ष बने थे। कहा जा रहा है कि तभी से उनकी रंजिश एक रसूखदार नेता से हो गई।
सोमवार की रात थाना टप्पल से कार्य निपटाकर ज्ञानंचद्र अपनी बोलेरो से वापस गांव आ रहे थे। ड्राइवर राजकुमार गाड़ी चला रहा था। ज्ञानी उसके बगल वाली सीट पर बैठे थे। पीछे मेवगढ़ी निवासी जावेद और एक अन्य व्यक्ति बैठा था।
बोलेरो में सवार हमलावरों ने गोलियां बरसाईं
बोलेरो के पीछे ही ज्ञानी की स्कॉर्पियो चल रही थी, जिसमें अन्य लोग थे। बाजना रोड पर गांव जहानगढ़ के मोड़ पर गाड़ी के मुड़ते ही सामने से आ रही अन्य बोलेरो में सवार हमलावरों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसानी शुरू कर दीं।
इस हमले में ज्ञानी और राजकुमार बुरी तरह जख्मी हो गए। दोनों को जेएन मेडिकल कॉलेज लाया गया जहां डॉक्टरों ने ज्ञानी को मृत घोषित कर दिया। राजकुमार भर्ती है।
मेडिकल कॉलेज में भी कई थानों का फोर्स एहतियातन बुला लिया गया था। एसएसपी मोहित गुप्ता ने कहा कि घटना की जांच कराई जाएगी। हत्यारे जल्द गिरफ्तार होंगे।