'हाथ काट देंगे, स्टील के हैं नहीं कटेंगे'
तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ताओं का हाथ काटने की धमकी देने वाले पश्चिम बंगाल के बीरभूम के जिला भाजपा अध्यक्ष के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज हो गई है।
शुक्रवार को भाजपा नेता दुधकुमार मंडल के मामला दर्ज किया गया, जिस पर सत्ताधारी पार्टी ने शिकायत की थी। भाजपा नेता ने कहा था कि अगर तृणमूल कांग्रेस के किसी भी कार्यकर्ता ने बीजेपी कार्यकर्ताओं पर हमला किया, तो उनके हाथ काट दिए जाएंगे।
इसके जवाब में तृणमूल कांग्रेस के अनुब्रता मंडल ने कहा कि उनकी पार्टी के कार्यकर्ताओं के हाथ स्टील के बने हैं, जिन्हें काटा नहीं जा सकता है।
इस बयान को लेकर दूध कुमार मंडल के खिलाफ रामपुर्हत नगर निगम के चेयरमैन अश्विनी तिवारी ने एक एफआईआर भी दर्ज करा दी है।
अनुब्रता मंडल बीरभूम जिला तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष हैं, जबकि दूध कुमार मंडल बीजेपी से हैं। गुरुवार को बीरभूम के रामपुर्हत में एक रैली का संबोधन करते हुए दूध कुमार मंडल ने तृणमूल कांग्रेस पर निशाना साधा।
उन्होंने तृणमूल के नेताओं और कार्यकर्ताओं को चेतावती दी कि अगर पार्टी की रैली में भाग लेने वाले किसी बीजेपी कार्यकर्ता के घर पर हमला किया गया तो इसका अन्जाम बहुत बुरा होगा।
'दंगे करवाना चाहते हैं दूध कुमार'
दूध कुमार मंडल ने कहा, "मैं तृणमूल कांग्रेस के लोगों को बताना चाहता हूं कि वह बीजेपी के किसी कार्यकर्ता पर हमला करने की सोचें भी नहीं। हम किसी भी प्रकार की हिंसा नहीं चाहते हैं, लेकिन अगर वह नहीं माने तो बीजेपी के कार्यकर्ता उनके हाथ काट देंगे।"
दूध कुमार मंडल के इस बयान पर अनुब्रता मंडल ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के हाथ स्टील के बने हुए हैं। वे बोले कि बीजेपी नेता बीरभूम में दंगे करवाने की कोशिश कर रहे हैं।
अनुब्रता पहले भी रहे हैं विवादों में
यह पहली बार नहीं है कि अनुब्रता मंडल विवादों में हैं। आपको बता दें कि इससे पहले भी तृणमूल के अनुब्रता मंडल अपने बयानों को लेकर काफी चर्चाओं में थे। उन्होंने अपने समर्थकों से कहा था कि विरोधी पार्टियों के घर जला दो।
इतना ही नहीं, वे बोले थे कि अगर पुलिस उन्हें बचाने की कोशिश करती है, उन पर बम फेंक दो। उन्होंने पिछले साल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को भी धमकी दी थी कि अगर उन्होंने तृणमूल के पोस्टर फाड़े तो उनके हाथ काट दिए जाएंगे।