'कांग्रेस कर रही है AAP का इस्तेमाल'
आखिरकार दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के धरना मामले में भाजपा की चुप्पी टूट ही गई।
पार्टी ने मंगलवार को अपने पीएम पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी के विजय रथ में बाधा डालने के लिए कांग्रेस पर केजरीवाल का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया।
पार्टी प्रवक्ता प्रकाश जावडेकर ने कहा कि राजधानी को अराजकता में फंसा देने वाला यह धरना कार्यक्रम आप और कांग्रेस का संयुक्त अभियान है।
'माओवादियों की भाषा बोल रहे हैं केजरीवाल'
कांग्रेस मोदी के नेतृत्व में लोकसभा चुनाव में भाजपा को मिलने जा रही भारी जीत को रोकने के लिए केजरीवाल का ‘फायर वॉल’ की तरह इस्तेमाल कर रही है।
इस दौरान पार्टी ने केजरीवाल पर माओवादियों की भाषा बोलने का आरोप लगाते हुए कहा कि गणतंत्र दिवस के संदर्भ में मुख्यमंत्री की टिप्पणी देश के संविधान और शहीदों के साथ-साथ देश की रक्षा में खड़े जवानों का अपमान है।
'केजरीवाल ने संविधान का भी अपमान किया'
जावडेकर ने कहा कि इस धरना के जरिए जहां केजरीवाल अपनी विफलताओं से ध्यान हटाने की कोशिश कर रहे हैं, वहीं कांग्रेस उनका इस्तेमाल मोदी को रोकने के लिए कर रही है।
उन्होंने धारा 144 लागू होने के बावजूद धरना जारी रहने को आप और कांग्रेस की मिलीभगत का सबूत बताया।
उन्होंने कहा कि जिस प्रकार माओवादी देश के संविधान का सम्मान नहीं करते, उसी प्रकार गणतंत्र दिवस समारोह के खिलाफ टिप्पणी कर केजरीवाल ने भी संविधान का अपमान किया है।
धरने के नाम पर राजनीतिक ड्रामा
प्रवक्ता ने कहा कि चुनाव से पहले अनाप शनाप वादे करने वाले केजरीवाल सरकार बनाने के बाद वादे पूरा न करने और अपने मंत्रियों की कारगुजारियों से ध्यान हटाने के लिए धरना के नाम पर राजनीतिक ड्रामा कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि केजरीवाल ने पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के खिलाफ भ्रष्टाचार के मामले में कोई कार्रवाई न कर आप के कांग्रेस की बी टीम होने का सबूत दे दिया है।