मोदी, शाह की तस्वीर न लगाने पर बर्खास्त हुए सभासद
कानपुर छावनी बोर्ड के चुनाव प्रचार के दौरान अपने पोस्टरों पर पार्टी प्रमुख अमित शाह और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर न लगाए जाने पर सभासद लखन ओमर पार्टी से हटा दिए गए हैं।
भाजपा की ओर से चुनाव लड़ने वाले लखन ओमर ने प्रचार के लिए बनवाए पोस्टर और बैनर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रीय अध्यक्ष की फोटो तक नहीं लगाई थी। उन्होंने पार्टी का सिंबल भी लेने से इंकार कर दिया था।
चर्चा यहां तक है कि जब भाजपा पदाधिकारी सभी प्रत्याशियों को लेकर एक साथ नामांकन करने जा रहे थे, तब भी ओमर साथ नहीं आए। उसी दिन से वह पार्टी पदाधिकारियों को खटकने लगे थे।
भाजपा से बगावत करने वाले सभासद लखन ओमर ने चार अन्य निर्दलीय सभासदों का समर्थन होने का दावा किया है। उनका कहना है कि वह अब कैंट विकास मोर्चा जैसा कोई संगठन बनाने जा रहे हैं। इसी के तहत वह डिप्टी चेयरमैन चुनाव में भी दावेदारी करेंगे। प्रत्याशी कौन होगा अभी यह तय नहीं किया गया है। इसे लेकर विचार विमर्श चल रहा है।
डिप्टी चेयरमैन बनाने को भाजपा का प्लान
सभासद लखन ओमर के पार्टी छोड़ने से अल्पमत में आई भाजपा ने छावनी बोर्ड में डिप्टी चेयरमैन बनाने को लेकर चक्रव्यूह रचा है। बोर्ड में पांच सभासद निर्दलीय और तीन भाजपाई हैं। पार्टी पांचों निर्दलीय सभासदों को अपने पाले में लाने के लिए जुट गई है। शुक्रवार को डिप्टी चेयरमैन की प्रत्याशी समेत अन्य दो सभासदों की सांसद मुरली मनोहर जोशी के सामने परेड कराई गई।
लखन ओमर की भरपाई के लिए पार्टी के पदाधिकारी चक्रव्यूह रचने में जुटे हैं। इस काम में मुख्य भूमिका निभाने का जिम्मा महानगर अध्यक्ष सुरेंद्र मैथानी, विधायक सतीश महाना और विधायक रघुनंदन भदौरिया को दिया गया है।
प्रदेश स्तर से भी इसकी मानीटरिंग की जा रही है। डॉ. जोशी ने सभासदों और पार्टी पदाधिकारियों से कहा कि जिस तरह से असंभव लगने वाले एमएलसी चुनाव में जीत हासिल हुई है। उसी तरह छावनी बोर्ड में भी पार्टी का डिप्टी चेयरमैन बनेगा।
इस बीच पता चला है कि छावनी बोर्ड के कई निर्दलीय सभासदों से भाजपा पदाधिकारियों ने अलग-अलग मिलकर बात की है। भाजपाई हर संभव निर्दलीय प्रत्याशियों को अपने पक्ष में लाने के लिए जुटे हैं।