‘ब्रांड मोदी’ को और चमकाएंगे बीजेपी के ये नए नारे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
‘नरेंद्र मोदी कमल निशान, मांग रहा है हिंदुस्तान।’ यह नारा लोकसभा चुनाव में भाजपा के प्रमुख नारों में से एक होगा। पार्टी अपनी राष्ट्रीय परिषद के सम्मलेन में रामलीला मैदान से इसका ऐलान करेगी।
चुनावी महाभारत की रणनीति बनाने के लिए शुक्रवार से दिल्ली में जुट रही भाजपा तीन दिन तक कांग्रेस और यूपीए सरकार को ललकारती दिखेगी। इस दौरान भाजपा नमो-नमो का जाप तो करेगी ही, साथ ही पार्टी की कोशिश दिल्ली को भी मोदीमय बनाने की है।
पार्टी की ओर से प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार बनने के बाद मोदी पहली बार राष्ट्रीय परिषद में बोलेंगे।
मोदी पर ही होगी हर किसी की नजर
इससे पहले के सम्मेलनों में मोदी बतौर मुख्यमंत्री बोलते रहे हैं लेकिन इस बार वह पीएम उम्मीदवार के तौर पर अपनी बात रखेंगे। चूंकि यह सम्मेलन दिल्ली के रामलीला मैदान में होने जा रहा है, इसलिए इस सम्मेलन के केंद्र में मोदी ही होंगे।
इस दौरान चुनावी जंग के लिए नए नारे भी उछाले जाएंगे। मसलन सबका साथ, सबका विकास और एक भारत, श्रेष्ठ भारत जैसे नारे खास हैं। दिल्ली में आम आदमी पार्टी के उदय व अरविंद केजरीवाल के मुख्यमंत्री बनने के बाद अब वह भी एक ब्रांड के तौर पर सामने आ चुके हैं।
इसलिए भाजपा की कोशिश है कि सम्मेलन के दौरान ‘ब्रांड मोदी’ को और प्रचारित किया जाए ताकि लोकसभा चुनाव तक उसकी ‘चमक’ फीकी न पड़े।
‘मिशन सुशासन’ का संकल्प
रैली का प्रबंधन देख रहे पार्टी उपाध्यक्ष मुख्तार अब्बास नकवी के अनुसार ‘मिशन सुशासन’ के संकल्प व लक्ष्य को लेकर यह सम्मेलन होगा। देशभर से लगभग 10 हजार प्रतिनिधि इसमें हिस्सा लेंगे।
बहरहाल, मोदी के अलावा पार्टी के अन्य मुख्यमंत्रियों विशेष तौर पर शिवराज सिंह चौहान, मनोहर पार्रिकर व रमन सिंह को भी खास तवज्जो दी जाएगी और लोगों को बताया जाएगा कि उनके मुख्यमंत्री प्रचार की बजाए काम पर ज्यादा जोर देते हैं।
शुक्रवार को पार्टी की राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक होगी, जबकि शनिवार और रविवार को राष्ट्रीय परिषद का सम्मेलन रामलीला मैदान में होगा। पार्टी के राष्ट्रीय पदाधिकारी बृहस्पतिवार को इस सम्मेलन के एजेंडा को अंतिम रूप देंगे।