बिहारः एक रात पहले ही लिखी गई थी स्क्रिप्ट
बिहार के कार्यवाहक मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने हालांकि अपना इस्तीफा शुक्रवार को दिया, मगर इसकी पटकथा बृहस्पतिवार की रात को ही लिख ली गई थी। दरअसल रात्रिभोज में महज 13 विधायक ही जुटा सके मांझी ने संख्या बल जुटाने के मामले में हाथ खड़े कर लिए थे।
इसके बाद भाजपा नेताओं ने उन्हें विश्वास मत हासिल करने से पहले इस्तीफे के लिए मनाया। भाजपा का दावा है कि पूरा घटनाक्रम उसकी रणनीति के अनुरूप ही घटित हुआ और पार्टी अपनी इच्छा के अनुरूप मांझी को इस लड़ाई में शहीद बनाने में कामयाब हो गई।
पार्टी के रणनीतिकारों को एक सप्ताह पहले से ही पता था कि मांझी भाजपा के समर्थन के बावजूद अपनी सरकार बचाने के लिए जरूरी संख्या नहीं जुटा पाएंगे। भाजपा भी अंदरखाने नहीं चाहती थी कि मांझी की सरकार बच जाए। ऐसा होने पर पार्टी को विधानसभा चुनाव तक मांझी का समर्थन करते रहने की मजबूरी से दो-चार होना पड़ता।
मांझी को शहीद बनाने में सफल रही भाजपा
इसके अलावा इस दौरान मांझी के गलत निर्णयों का खामियाजा भी भुगतना पड़ता। यही कारण है कि भाजपा ने मांझी को समर्थन देने की घोषणा तो की, मगर सरकार बनाने के लिए जरूरी संख्या बल जुटाने की मुहिम से खुद को दूर ही रखा।
भाजपा सूत्रों का कहना है कि समर्थन की घोषणा के बाद पार्टी ने मांझी को जरूरी संख्या बल जुटाने की मुहिम में अकेला छोड़ दिया था। उसके बाद जो कुछ हुआ वह पार्टी की रणनीति के अनुरूप ही हुआ। बृहस्पतिवार को रात्रिभोज में मांझी तमाम कवायद के बावजूद 13 विधायकों को ही जुटा पाए।
उसके बाद उन्होंने खुद ही हार मान ली। मांझी की हार मान लेने के बाद भाजपा नेता सुशील कुमार मोदी और नंद किशोर यादव ने रात को ही उन्हें इस्तीफा देने के लिए मनाया। भाजपा वैसे भी मांझी की सरकार बचने से ज्यादा उनके शहीद बनने में ज्यादा सियासी मुनाफा हासिल होते देख रही थी।