नीतीश के राज में भूकंप पीड़ितों से मजाक, माथे पर लिख दिया भूकंप
बिहार के अस्पतालों में भूकंप में घायल लोगों के साथ अजीब व्यवहार किया जा रहा है। दरभंगा मेडिकल कॉलेज में मरीजों के माथे पर भूकंप पीड़ित होने का परचा चिपकाने का मामला प्रकाश में आया है।
भूकंप पीड़ितों के माथे पर भूकंप लिखा परचा चिपकाने के अलावा उन्हें अलग वार्ड में भी रखा जा रहा है। वैसे हंगामा होने और मीडिया में खबर फैलने पर अस्पताल प्रशासन ने गलती सुधार लेने का दावा किया है। साथ ही इसे मानवीय भूल बताया है।
मामला प्रकाश में आने पर बिहार के मुख्यमंत्री ने जांच के निर्देश दिए हैं। गौरतलब है कि, 25 अप्रैल को नेपाल में भीषण तबाही लेकर आए भूकंप ने भारत के भी कई हिस्सों में अपना प्रभाव छोड़ा है।
बिहार से दो बसें गईं नेपाल, चलेंगी तीन विशेष ट्रेने
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा है कि नेपाल में फंसे लोगों को लाने के लिए 32 बसों को काठमांडू भेजा गया है। रक्सौल समेत तीन जगहों पर कैंप लगाये गये हैं, जहां पीड़ितों का आना जारी है।
अब तक रक्सौल कैंप में 823 लोग आ चुके हैं। उन्होंने कहा कि राहत कार्य को सही तरीके से चलाने के लिए जल संसाधन मंत्री विजय चौधरी को मोतिहारी का प्रभारी मंत्री बनाया गया है, जबकि श्रीधर चिरूवोलू को विशेष जिलाधिकारी के रूप में तैनात किया गया है।
उल्लेखनीय है कि भूकंप से प्रभावित लोगों से मिलने और नेपाल भेजे जा रहे राहत सामग्रियों का जायजा लेने मुख्यमंत्री खुद आज सड़क मार्ग से रक्सौल गये। इधर, रेलवे ने भी रक्सौल से तीन विशेष रेलगाडी चलाने की घोषण की है। रक्सौल से गोरखपुर, हाजीपुर व हावडा के लिए आज रात ट्रेनें शुरु की गयी हैं। यह रेलवे की नि.शुल्क सेवा है। इसबीच एसएसबी के डीजी बीडी शर्मा भी रक्सौल पहुंचे और अपने जवानों की करीब एक दर्जन टोली को नेपाल रवाना किया।
पीएम ने मंत्रियों को दिए बिहार दौरे के निर्देश
केंद्रीय मंत्री अनंत कुमार और जेपी नड्डा जल्द ही भूकंप पीड़ितों का हाल जानने के लिए बिहार का दौरा करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दोनों मंत्रियों को राज्य में भूकंप पीड़ितों की स्थिति जानने और इस संबंध में रिपोर्ट पेश करने का निर्देश दिया है।
दोनों ही मंत्री बिहार के भूकंप पीड़ित इलाकों सीतामढ़ी, दरभंगा, मधुबनी, सहरसा और पूर्णिया का दौरा करेंगे। इस दौरान दोनों भूकंप पीड़ितों को दी जा रही मदद और पुनर्वास की स्थिति का भी अध्ययन करेंगे।
भाजपा सूत्रों का कहना है कि मंत्रियों की रिपोर्ट के बाद पीएम मोदी बिहार के भूकंप पीड़ितों को राहत देने के लिए विशेष योजना की घोषणा कर सकते हैं। इस क्रम में पीड़ितों के पुनर्वास के लिए आवास बनाने और केंद्र की ओर से मुआवजा राशि बढ़ाए जाने की भी घोषणा हो सकती है। उल्लेखनीय है कि बीते शनिवार को आए भयानक भूकंप से नेपाल के बाद बिहार ही सबसे अधिक प्रभावित हुआ है।