बिग बी ने सरकार पर साधा निशाना, पर क्यों?
मुंबई को फाइनेंशियल हब और एंटरटेनमेंट कैपिटल बनाने की महाराष्ट्र सरकार की योजना पर रायशुमारी शुरू हो गई है। इसको लेकर शुक्रवार को बांद्रा स्थित एक पंच सितारा होटल में फिल्म व उद्योग जगत के दिग्गज एक मंच पर आए।
जहां मुंबई नेक्स्ट की चर्चा में मुकेश अंबानी, अनिल अंबानी और अमिताभ बच्चन सहित कई हस्तियों को सरकार से सीधा सवाल-जवाब का मौका मिला। इस रायशुमारी में शामिल हुए अमिताभ बच्चन ने फिल्म उद्योग की दुर्दशा के लिए न सिर्फ सरकार पर निशाना साधा बल्कि अपनी भड़ास भी निकाली।
बिग बी ने कहा कि फिल्म नगरी होने के बावजूद मुंबई में कोई फिल्म संग्रहालय नहीं है। अमेरिका में फिल्म का निर्माण भारत के बाद शुरू हुआ लेकिन वह आज बॉलीवुड से कहीं ज्यादा आगे है। फिल्म उद्योग को बढ़ावा देने के लिए ठोस आधारभूत ढांचे की जरूरत होती है, जो आज तक मयस्सर नहीं हुई है।
फिल्मों की शूटिंग की अनुमति मिलने में भारी झंझट के चलते फिल्में बाहर शूट की जा रही हैं। मुंबई में मराठी कलाकारों के लिए स्टेज और थियेटरों की भारी कमी है। मनोरंजन उद्योग को बढ़ावा देने के लिए दिल्ली के बजाय मुंबई में ज्यादा सुविधाएं होनी चाहिए।
मुंबई नेक्स्ट की चर्चा में एक मंच पर आए दिग्गज
अमिताभ बच्चन ने एक तरफ सरकार को उनकी खामियां गिनाई तो दूसरी तरफ मुंबई को एंटरटेनमेंट कैपिटल बनाने के लिए कई तरह के सुझाव भी दिए। रिलायंस उद्योग समूह के मुकेश अंबानी ने केंद्र और राज्य सरकार में समन्वय के अभाव के कारण होने वाली परेशानियों का जिक्र किया।
इस पर जेटली ने माना कि कई बार असहयोग के चलते अनुमति मिलने में देरी होती है लेकिन जल्दबाजी में कुछ गलत निर्णय न हो जाए इसका भी ध्यान रखना पड़ता है। उद्योग पति अनिल अंबानी ने प्रोजेक्ट की मंजूरी में कई साल लगने की शिकायत की और इस समस्या से निजात के लिए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से जवाब मांगा।
अनिल के तीखे सवाल पर फडणवीस ने कहा कि यदि सही और पारदर्शी प्रोजेक्ट के लिए आवेदन होंगे तो जल्दी मंजूरी मिलेगी। इस बारे में हमने एक समिति का गठन किया है।
मुख्यमंत्री फडणवीस ने सभी दिग्गजों की रायशुमारी के बाद कहा कि आने वाले तीन से पांच साल में बेहतर मुंबई दिखने लगेगी। केंद्रीय शहरी विकास मंत्री वेंकैया नायडू ने भरोसा दिया कि केंद्र सरकार मुंबई के विकास में पूरी मदद करेगी।