भाभी ने दूल्हे को किया किस, तो गुस्साई दुल्हन
कहते हैं कि जोड़ियां स्वर्ग में बनती हैं, अगर वहां नहीं बन पाएं तो सोशल नेटवर्किंग साइट्स तो हैं ही। सोशल साइट पर इश्क और फिर शादी, सुनने में ही ये सब कितना रोमांटिक लगता है ना।
सब कुछ ठीक ही चल रहा था लेकिन करण जौहर की रोमांटिक फिल्मों जैसी प्रेम कहानी में अचानक राम गोपाल वर्मा की फिल्मों जैसा ट्विस्ट आ गया।
गुरुवार रात अलीगढ़ में हो रही थी एक शादी। सब ठीक था, हर शादी की तरह यहां भी बराती मस्ती में थे और तभी कुछ ऐसा हुआ कि सभी के मुंह खुले रह गए।
दूल्हे की भाभी शादी से इतनी उत्साहित थी कि उसने अपने देवर को 'किस' कर लिया। बात यहीं रुक जाती तो गनीमत थी लेकिन भाभी ने तो दूल्हे को डांस फ्लोर पर खींच लिया और उसके साथ ठुमके लगाने लगी।
दूल्हे को बनाया बंधक
बस अब तो वधू पक्ष के सब्र का बांध टूट गया और उन्होंने इस पर कड़ा एतराज जताया। बात बात में बात बढ़ गई और इतनी बढ़ गई कि 500 बराती अपना सिर बचाते दिखाई दिए।
खैर रोड पर हो रही इस शादी में हालात यहां तक पहुंच गए कि बरातियों की पिटाई हुई और दूल्हे को भी बंधक बना लिया गया।
टाइम्स ऑफ इंडिया में छपी खबर के मुताबिक अलीगढ़ की मेयर शकुंतला भारती भी वहां पर मौजूद थीं। उन्होंने कहा कि," लड़की के परिवारवालों ने दूल्हे को बंधक बना लिया था। वैसे तो उनका व्यक्तिगत मामला है लेकिन चूंकि मैं भी वहीं थी तो मुझे मामले में हस्तक्षेप करना पड़ा।"
उन्होंने कहा कि,"दोनों ही परिवार अच्छे और शिक्षित हैं, ऐसे में घटना थोड़ी चौंकाने वाली है। दूल्हे को बिना दुल्हन के ही घर लौटना पड़ा।"
एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि,"इस मामले में वे लोग समझौता चाहते थे जो हो गया। अब इसमें पुलिस की कोई आवश्यकता नहीं है।"