372 करोड़ रुपए में नीलाम हुआ मुंबई का ये बंगला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
देश में परमाणु ऊर्जा कार्यक्रम के जनक माने जाने वाले होमी जे भाभा का बंगला ‘मेहरांगीर’ बुधवार को 372 करोड़ रुपये में नीलाम हो गया।
हालांकि नीलामी का विरोध करते हुए इस बंगले को म्यूजियम बनाने की मांग भी की गई थी। सबसे ऊंची बोली लगाने वाले व्यक्ति की पहचान को उजागर नहीं किया गया है।
कीमत से 257 करोड़ रुपये ज्यादा मिले
मुंबई के पॉश इलाके मालाबार हिल में स्थित इस बंगले की कस्टडी नेशनल सेंटर ऑफ परफोरमिंग आर्ट्स (एनसीपीए) के पास है।
इस संपत्ति का रिजर्व मूल्य 115 करोड़ रुपये रखा गया था, लेकिन यह उससे 257 करोड़ रुपये ज्यादा में बिका। एनसीपीए ने बयान जारी कर कहा, ‘बोली जीतने वाले के निवेदन पर फिलहाल उनकी पहचान को सार्वजनिक नहीं किया जा रहा है।’
करीब 15 हजार वर्ग फीट में बने इस तीन मंजिला बंगले से समुद्र का बेहद खूबसूरत नजारा देखने को मिलता है।
‘मेहरांगीर’ को म्यूजियम बनाने की उठी थी मांग
यह बंगला कुल 1593 वर्ग गज जमीन पर बना हुआ है। 1966 में विमान दुर्घटना में भाभा के निधन के बाद उनके भाई जमशेद को इस संपत्ति की कस्टडी मिल गई थी।
2007 में जमशेद के निधन के बाद इसे एनसीपीए को ट्रांसफर कर दिया गया। इस संस्थान को उन्होंने ही आगे बढ़ाया था। भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र (बीएआरसी) के कुछ कर्मचारियों ने नीलामी के खिलाफ हाईकोर्ट में भी याचिका दी थी, लेकिन कोर्ट ने नीलामी पर स्टे लगाने से इनकार कर दिया।
उनकी मांग थी कि इस बंगले को परमाणु ऊर्जा म्यूजियम बना दिया जाए। सोमवार को बांबे हाईकोर्ट ने यह कहकर सुनवाई 23 जून तक टाल दी थी कि जरूरत पड़ने पर नीलामी को रद्द भी किया जा सकता है।