क्वार्टर फाइनल से पहले पाकिस्तान को बड़ा झटका
वर्ल्ड कप के महत्वपूर्ण क्वार्टरफाइनल मुकाबले से पहले पाकिस्तान की टीम को बड़ा झटका लगा है। टीम के तेज गेंदबाज और दुनिया के सबसे लंबे क्रिकेटर मो. इरफान स्ट्रेस फ्रैक्चर के कारण वर्ल्ड कप से बाहर हो गए हैं। उनका स्कैन कराने के बाद उनके पेल्विस में फ्रैक्चर का पता चला है।
वर्ल्ड कप में मोहम्मद इरफान के दम पर विपक्षी टीम के बल्लेबाजों में खौफ भरने वाली पाकिस्तानी टीम के अभियान को इरफान के चोटिल होने से बड़ा झटका लगा है।
चोट के कारण ही इरफान लीग चरण के पाकिस्तान के अंतिम मुकाबले में भी आयरलैंड के खिलाफ नहीं खेल सके थे। हालांकि उस मुकाबले में टीम ने आसानी से जीत दर्ज कर क्वार्टरफाइनल में जगह बना ली थी।
आस्ट्रेलिया के खिलाफ मुकाबले में खलेगी कमी
लेकिन इसके बाद आगे के सफर में पाकिस्तानी टीम को मोहम्मद इरफान की कमी खल सकती है। इरफान को वर्ल्ड कप अभियान में टीम का प्रमुख हथियार माना जा रहा था।
यही कारण था कि भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ पहले मुकाबले से पूर्व इरफान की कद काठी और तेज गेंदबाजी को देखते हुए विशेष अभ्यास किया था। बाद में अन्य टीमों ने भी इसी का अनुसरण कर इरफान की काट खोजने का प्रयास किया।
सात फिट से ज्यादा लंबे इरफान ने अभी तक पांच मैचों में सात विकेट झटके हैं। पाकिस्तानी टीम के फिजियो ने उनके टूर्नामेंट से बाहर होने की जानकारी दी। गौरतलब है कि पाकिस्तान का अगला मुकाबला क्वार्टरफाइनल में दिग्गज आस्ट्रेलियाई टीम से है। ऐसे में उसे इरफान की कमी काफी खल सकती है।