शिवाजी, ठाकरे के खिलाफ फेसबुक पोस्ट
शिवसैनिकों ने शिवाजी और शिवसेना के दिवंगत नेता बाल ठाकरे के बारे में कथित फेसबुक पोस्ट के खिलाफ पुणे और नजदीकी इलाकों में जबरदस्त विरोध प्रदर्शन किया।
शनिवार और रविवार की सुबह शिव सैनिकों ने प्रदर्शन के दौरान पत्थरबाजी कर कुछ बसों को क्षतिग्रस्त कर दिया। पुलिस के मुताबिक प्रदर्शनकारियों की पत्थरबाजी में आठ बसों को नुकसान पहुंचा है।
पुलिस के मुताबिक फेसबुक पोस्ट से नाराज होकर शनिवार की रात और रविवार की सुबह प्रदर्शनकारी सड़कों पर उतर आए आए और टिप्पणियों को हटाने की मांग करने लगे। उन्होंने पुलिस में इसकी शिकायत दर्ज कराई।
हटाया गया आपत्तिजनक पोस्ट
शिवसैनिक की अपील के बाद इलाके के दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद कर दी। पुलिस ने बताया कि फेसबुक पर डाले गए कथित आपत्तिजनक पोस्ट हटा दिए गए। इसके बाद शिव सैनिकों को अपना विरोध बंद करने और शांति बनाए रखने के लिए कहा गया।
पुलिस के सक्रिय होने के बाद हालात अब काबू में हैं। उसका कहना है कि शिवाजी और बाल ठाकरे के खिलाफ फेसबुक पर की गई कथित टिप्पणी के स्त्रोत का पता लगाया जा रहा है।
गौरतलब है कि 2012 में शिवसेना प्रमुख बाल ठाकरे के खिलाफ फेसबुक पर टिप्पणी करने के आरोप में मुंबई की दो लड़कियों को गिरफ्तार कर लिया गया था।