क्या पाकिस्तान की इजाजत से ओबामा आ रहे हैं भारत?
अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने अपनी भारत यात्रा की घोषणा करने से पहले पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ से टेलीफोन पर बात की। शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्विटर पर घोषणा की थी कि आगामी गणतंत्र दिवस पर अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा को आमंत्रित किया गया है।
प्रधानमंत्री के ट्वीट के कुछ ही मिनटों बाद व्हाइट हाउस ने बराक ओबामा के जनवरी में भारत आने की पुष्टि कर दी। अमेरिकी राष्ट्रपति ने स्वयं फोन कर इसकी सूचना पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ को दी।
उन्होंने नवाज शरीफ को बताया कि वे आगामी गणतंत्र दिवस पर भारत के मुख्य अतिथि होंगे। नवाज ने ओबामा से अपील की कि वे भारत की यात्रा में कश्मीर कर मुद्दा जरूर उठाएं। ओबामा और नवाज के बीच हुई टेलीफोन की बातचीत को भारत और पाकिस्तान के बीच राजनयिक संतुलन बनाने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है।
नवाज शरीफ ने उठाया कश्मीर का मुद्दा
दोनों नेताओं के बीच हुई बातचीत की जानकारी देते हुए पाकिस्तानी प्रधानमंत्री के कार्यालय की ओर से जारी एक वक्तव्य में बताया गया कि नवाज शरीफ ने अमेरिकी राष्ट्रपति से कहा है कि वे भारतीय नेतृत्व के समक्ष कश्मीर का मुद्दा उठाएं। अमेरिका एशिया में शांति, स्थिरता और आर्थिक सहयोग के लिए प्रतिबद्ध रहा है।
बातचीत में नवाज ने ओबामा को अपने उस न्योते की याद भी दिलाई, जो उन्होंने पिछले वर्ष वाशिंगटन में उन्हें पाकिस्तान आने के लिए दिया था। उन्होंने कहा कि पकिस्तान की जनता अमेरिकी राष्ट्रपति का स्वागत करने की उम्मीद में है।
पाकिस्तानी प्रधानमंत्री के कार्यालय की ओर से कहा गया है कि अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने नवाज शरीफ को आश्वासन दिया है कि पाकिस्तान में हालात सामान्य होते ही वे वहां की यात्रा करेंगे।
नवाज ने फिर जताई बातचीत की इच्छा
पाकिस्तानी प्रधानमंत्री के कार्यालय की ओर से जारी वक्तव्य में कहा गया कि पाकिस्तान भारत के साथ द्विपक्षीय बातचीत के लिए तैयार है, बशर्ते भारत इसके लिए उचित माहौल तैयार करे।
उल्लेखनीय है कि नवाज शरीफ ने पाक अधिकृत कश्मीर की राजधानी मुजफ्फराबाद में गुरुवार को कहा था कि पाकिस्तान भारत के साथ बातचीत करने से पहले कश्मीर के नेताओं से बात करेगा।
भारत सरकार का रुख रहा है कि भारत और पाकिस्तान की बातचीत में किसी भी तीसरे पक्ष को शामिल नहीं किया जा सकता। भारत सरकार ने कश्मीर अलगाववादियों से मुलाकात के कारण ही अगस्त में दोनों मुल्कों के बीच प्रस्तावित शांति वार्ता रद्द कर दी थी।
ओबामा गणतंत्र दिवस पर आ रहे हैं भारत
बराक ओबामा की गणतंत्र दिवस के अवसर मुख्य अतिथि होने की घोषणा को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की राजनीतिक फतह के रूप में देखा जा रहा है।
ओबामा अमेरिका के पहले राष्ट्रपति हैं, जो 2015 में 26 जनवरी के मौके पर बतौर मुख्य अतिथि राजपथ पर गणतंत्र दिवस परेड समारोह के गवाह बनेंगे। ओबामा अपने कार्यकाल में भारत की दूसरी बार यात्रा करने वाले भी पहले अमेरिकी राष्ट्रपति भी होंगे।
नरेंद्र मोदी ने सितंबर में अमेरिका यात्रा के दौरान बराक ओबामा को निमंत्रण दिया था। पिछले चंद महीनों में मोदी और ओबामा के बीच राजनयिक स्तर पर शानदार केमेस्ट्री देखी गई है। ओबामा ने हाल ही में मोदी को 'मैन ऑफ एक्शन' कहा था।