कानपुर: बम फोड़कर दिनदहाड़े बैंक लूट
कानपुर में शनिवार को दिनदहाड़े बर्रा की जनता नगर पुलिस चौकी से महज सौ कदम दूर भारतीय स्टेट बैंक की शास्त्री चौक शाखा के अंदर तीन बम फोड़कर बदमाशों ने 70 हजार रुपये लूट लिए। ताबड़तोड़ बम फटने से बैंक के अंदर हाहाकार मच गया। धुएं के बीच चीख-पुकार मचाते ग्राहक जान बचाने के लिए इधर-उधर दुबक गए। इस बीच बैंक मैनेजर ने सायरन बजाना चाहा तो एक बदमाश ने उन पर दो तमंचे तानकर गोली मारने की धमकी दी। फिर भी मैनेजर ने सायरन का बटन दबा दिया।
इस बीच एक बदमाश लॉबी से कैश काउंटर में फांद गया और काउंटर की दराज में रखे 70 हजार रुपये बैग में भर लिए। सायरन बज जाने से बदमाश अन्य काउंटरों पर लूटपाट नहीं कर सके और बाहर बाइक लेकर खड़े अपने तीसरे साथी के साथ भाग गए। पूरी वारदात एक मिनट से भी कम समय में हुई। बाद में डीआईजी निलाब्जा चौधरी, एसएसपी के. सुनील इमैनुएल, कई थानों की फोर्स, फॉरेंसिक और क्राइम ब्रांच टीम मौके पर पहुंची और पड़ताल की।
बैंक के सीसीटीवी कैमरे में बदमाशों की हरकतों की तस्वीर कैंद हुई है लेकिन पुलिस अभी तक बदमाशों का सुराग नहीं लगा सकी है। बता दें कि साउथ सिटी में ही करीब दो साल पहले बैंक ऑफ बड़ौदा की निराला नगर शाखा में डाका पड़ा था।
मैनेजर ने बजाया सायरन बटन
जनता नगर पुलिस चौकी के पास एसबीआई की शास्त्री चौक शाखा है। बैंक में ब्रांच मैनेजर मदन मोहन शाक्य, कैशियर नरेंद्र कुमार वर्मा, डीके बाजपेई और कस्टमर असिस्टेंट कमल कुमार तैनात हैं। मैनेजर ने बताया कि रोज की तरह शनिवार सुबह 10 बजे बैंक का कामकाज शुरू हुआ। कैशियर नरेंद्र कुमार समेत सभी कर्मचारी अपने-अपने काउंटर में बैठकर ग्राहकों का कामकाज निपटा रहे थे।
कैशियर नरेंद्र कुमार एक ग्राहक बबिता भाटिया का 10 हजार रुपया उनके खाते में जमा कर रहे थे। तभी दोपहर करीब 12 बजकर 19 मिनट पर हेलमेट लगाए और बैग (स्कूली बैग की तरह ) लटकाए एक युवक बैंक में दाखिल हुआ। मेन गेट के अंदर आते ही उसने काउंटर के सामने लॉबी में एक बम पटककर फोड़ दिया। तेज धमाके से बम फटा और कर्मचारियों-ग्राहकों में भगदड़ मच गई।
इसी बीच मुंह पर सफेद रंग का अंगौछा लपेटे दूसरा बदमाश बैंक में दाखिल हुआ। वह काउंटर फांद कर कैश काउंटर के भीतर पहुंच गया। फिर हेलमेट लगाए बदमाश ने मैनेजर के चैंबर के बाहर एक के बाद दो बम और फोड़े। मैनेजर ने अपने चैंबर में बैठे-बैठे ही सायरन का बटन दबाने का प्रयास किया तो हेलमेट पहने बदमाश ने कमर में खुसे दो तमंचे निकाले और चैंबर में लगे शीशे के बाहर से मैनेजर पर तान दिए, गोली मारने की धमकी दी लेकिन मैनेजर ने सायरन का बटन दबा दिया।
अज्ञात बदमाशों के खिलाफ एफआईआर
इधर, बमों के धुएं के कारण बैंक में लगा फायर अलार्म भी बज गया। तब बाहर खड़े बदमाश ने ताली बजाकर इशारा किया। तब तक कैश काउंटर में घुसे बदमाश ने दराज में रखे नोटों में से एक 500 और दो 100-100 रुपये के नोटों की गड्डियां बैग में भरीं और कूदकर बाहर गया। वह मैनेजर पर तमंचा ताने खड़े बदमाश को घसीट कर बाहर ले गया। इसके बाद दोनों बदमाश बाहर खड़े साथी की लाल रंग की पैशन प्रो बाइक पर बैठे और शास्त्री चौक की तरफ भाग निकले।
फिर बैंक कर्मियों ने बाहर निकल कर शोर मचाया। मैनेजर ने बताया कि बैंक में उस वक्त करीब पांच लाख रुपये थे लेकिन जल्दबाजी में बदमाश केवल 70 हजार रुपये ही ले जा सके। बाद में डीआईजी, एसएसपी के अलावा, एसपी पश्चिम हरिश्चंद्र, सीओ गोविंद नगर ओम प्रकाश सिंह, नौबस्ता, बर्रा, गोविंद नगर समेत कई थानाध्यक्ष फोर्स के साथ पहुंचे और अपने-अपने तरीके से छानबीन की।
बर्रा थानाध्यक्ष जयवीर सिंह का कहना है कि बैंक मैनेजर मदन मोहन शाक्य की तहरीर पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।