बांग्लादेशी मीडिया में छाए मोदी, जानिए क्या छपा?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पहले बांग्लादेश दौरे को लेकर वहां का पूरा मीडिया ‘मोदी’मय हो गया है। राजधानी ढाका से छपने वाले तमाम अखबारों के पहले पेज पर प्रधानमंत्री ही छाए हैं।
ज्यादातर अखबारों ने उनके इस दौरे को ऐतिहासिक और उम्मीदों से भरा करार दिया है। तमाम न्यूज चैनलों पर भी मोदी ही छाए हैं। चैनलों पर मोदी के दौरे, इसकी अहमियत और इस दौरान होने वाले समझौतों को लेकर विशेष कार्यक्रम और बहस चल रही है।
बांग्लादेश के अंग्रेजी दैनिक ‘द डेली स्टार’ ने ‘मोदी फ्लाइज इन, होप्स सो हाई’ और ‘चेंज इन द एयर’ जैसे शीर्षक से खबरें प्रकाशित की हैं। इसी तरह प्रमुख बांग्ला दैनिक प्रथम आलो की हैडिंग है, ‘ऊंची उम्मीदों वाला दौरा’। इस अखबार ने मोदी के मन की बात का जिक्र करते हुए सवाल उठाया है कि क्या मोदी बांग्लादेश के 16 करोड़ लोगों के मन की बात समझ सकेंगे।
मोदी के लिए 100 शाकाहारी व्यंजन तैयार
उर्दू अखबार ‘इत्तेफाक’ ने सवाल किया है कि मोदी बांग्लादेश के लोगों के लिए क्या संदेश लेकर आएंगे। इसी तरह एक अन्य अखबार ‘डेली आब्जर्वर’ ने ढाका को मोदी के स्वागत के लिए तैयार बताया है, तो कुछ अखबारों ने मोदी के लिए तैयार होने वाले खाने का मेन्यू तक छाप दिया है।
डेली जनकांथ ने अपनी खबर में कहा है कि मोदी के लिए 100 शाकाहारी व्यंजन तैयार किए जाएंगे। इनमें खास किस्म की दाल के अलावा खिचड़ी, ढोकला और बांग्लादेश की खास मिठाई भी शामिल है।
अखबारों में विशेषज्ञों ने इस दौरे का ऐतिहासिक बताया है। ढाका ट्रिब्यून ने अपने संपादकीय में कहा है कि मोदी का यह दौरा भूमि सीमा समझौते को लागू करने में मिली कामयाबी के सहारे आपसी संबंधों को एक नए स्तर पर ले जाने का सुनहरा मौका है।
मीडिया में छाया पीएम का बांग्ला ट्वीट
मोदी ने ढाका पहुंचने के बाद ट्विर पर बांग्ला भाषा में बांग्लादेशी जनता का अभिवादन किया। उनके इस कदम की स्थानीय मीडिया में काफी सराहना हुई। द इंडिपेंडेट अखबार ने इसे ब्रेकिंग न्यूज के तौर पर चलाया। पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने भी बांग्लादेश के लोगों का अभिवादन किया।
हिंदुओं ने मोदी से की सुरक्षा की गुहार
पीएम मोदी के बांग्लादेश पहुंचने पर स्थानीय हिंदू समुदाय ने कहा कि वे लोग यहां धार्मिक कट्टरपंथियों के उत्पीड़न और डर के साए में जीते हैं। वह चाहते हैं मोदी इस मसले को बांग्लादेशी नेतृत्व के साथ उठाएं।
बांग्लादेशी हिंदू बुद्धिस्ट क्रिश्चियन यूनिटी काउंसिल के महासचिव राणा दासगुप्ता ने कहा, ‘धार्मिक बहुसंख्यक और कट्टरपंथी संगठन चाहते है कि हिंदू इस देश को छोड़कर चले जाएं, जबकि हम यहीं पैदा हुए हैं।’ हमें लगता है कि मोदी बांग्लादेश के कट्टरपंथियों को एक कड़ा संदेश देंगे।