पाक: बख्तावर के हाथ में होगी पीपीपी की बागडोर
पाकिस्तान की राजनीति में एक बड़े बदलाव की हलचल नजर आ रही है। 2013 में पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी(पीपीपी) के चेयरमैन की कमान संभालने वाले बिलावल भुट्टो की जगह जल्द ही उनकी बहन बख्तावर भुट्टो पार्टी की कमान संभाल सकती हैं।
बिलावल फिलहाल लंदन में हैं और उनका अपने पिता आसिफ अली जरदारी से पार्टी को चलाने को लेकर झगड़ा चल रहा है। इसके उलट यहां पाकिस्तान में उनकी बहन पार्टी में उनकी जगह लेने की तैयारी कर रही हैं। इस हफ्ते के अंत में ही बख्तावर अपनी राजनीतिक पारी की शुरुआत करेंगी।
पार्टी के प्रवक्ता शरजील मेमन बख्तावर के बारे में कहते हैं, ‘पार्टी के वरिष्ठ नेता उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए तैयार कर रहे हैं।’ एक तरफ बिलावल और जरदारी लंदन में बैठे पार्टी में बदलाव को लेकर झगड़ रहे हैं। दूसरी तरफ, पाकिस्तान में बख्तावर पार्टी में बड़ी भूमिका के लिए तैयार हो रही हैं।
इसी हफ्ते अपनी राजनीतिक पारी की शुरुआत करेंगी
हाल ही में उन्होंने बिलावल हाउस में एक समारोह में शिरकत की। बम धमाकों के पीड़ितों को यहां चेक बांटे। यहां पर मौजूद पार्टी के सभी मुख्य सदस्य और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी भी इसी तरफ इशारा कर रही है कि पार्टी भविष्य में उन्हें एक बड़ी भूमिका देने की तैयार कर रही है।
बिलावल के पाकिस्तान से लंदन भागने के बारे में हालांकि पार्टी प्रवक्ता कुछ नहीं कह रहे लेकिन अफवाह है कि बिलावल जरदारी के करीब के कुछ नेताओं को पार्टी से निकालना चाहते थे, जो जरदारी ने करने नहीं दिया। इससे नाराज बिलावल लंदन भाग गए।
पीपीपी के लिए चुनौतियां भी हैं बहुत
बख्तावर अगर पार्टी की कमान संभालती हैं, तो उनके सामने कई चुनौतियां खड़ी हैं। एक तो जरदारी पर अपने रिश्तेदारों को अहम पदों पर नियुक्त करने को लेकर ही कई कार्यकर्ताओं में गुस्सा है। दूसरी तरफ, सिंध प्रांत में पीपीपी की ही सरकार है, लेकिन यहां पीटीआई की साख काफी बढ़ रही है।