'लौटते वक्त आतंकियों को पकड़कर लाएं मोदी'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा अगले साल सार्क सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए पाकिस्तान जाने के सवाल पर सपा सरकार के कैबिनेट मंत्री मो. आजम खां ने कहा कि उनकी यात्रा का स्वागत है।
हाफिज सईद और दाउद का नाम लिए बगैर इशारों में उन्होंने कहा कि बादशाह (मोदी) को पाकिस्तान से लौटते वक्त आतंकवादियों को पकड़कर अपने जहाज में बैठाकर लाना चाहिए।
आईपीएस अमिताभ ठाकुर के प्रकरण पर आजम बोले कि वह एक बलात्कारी है, उसकी हिमायत में मीडियाकर्मी खड़े न हों। आजम खां रविवार को झांसी और ललितपुर के सर्किट हाउस में पत्रकारों के सवालों का जवाब दे रहे थे। उत्तर प्रदेश के संसदीय कार्य, नगर विकास एवं अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री मो. आजम खां रविवार को पहले ललितपुर और उसके बाद झांसी के सर्किट हाउस पहुंचे, जहां उन्होंने पत्रकारों से वार्ता की।
अमिताभ ठाकुर प्रकरण पर वह सपा प्रमुख मुलायम सिंह का बचाव करते नजर आए और आईपीएस को आड़े हाथ लिया। उन्होंने कहा कि कानून के ऊपर कोई भी नहीं है, सपा का दामन साफ है। उन्होंने अमिताभ को बलात्कारी बताते हुए मीडिया पर भी निशाना साधते हुए कहा कि मीडियाकर्मी उसकी हिमायत में खड़े न हों।
बलात्कार पीड़ित महिला की कोई सुनवाई नहीं हो रही है। कई दिनों बाद उसकी रिपोर्ट दर्ज हुई। सपा प्रमुख से बातचीत का ऑडियो टेप जारी होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि अगर मामला कानून के दायरे में आता है, तो उसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। आजम ने प्रधानमंत्री को बादशाह संबोधित करते हुए एक बार फिर तंज कसा।
उन्होंने कहा कि बादशाह की पाकिस्तान यात्रा का स्वागत है लेकिन उन्हें वहां से खाली हाथ नहीं लौटना चाहिए। जैसे जहाज में बैठाकर आतंकियों को कंधार छोड़ा गया था वैसे ही बादशाह (मोदी) आतंकवादियों को हथकड़ी लगाकर अपने जहाज में बैठाकर लाएं।
सेना नहीं तो शिवसेना बोले पाक पर हमला
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा नवाज शरीफ के पाकिस्तान यात्रा का न्योता कबूल करने के बाद आए शिवसेना प्रमुख के बयान का भी आजम ने स्वागत किया।
उन्होंने कहा कि भारत की सेना को पाकिस्तान पर हमला बोल देना चाहिए। यदि भारतीय सेना कमजोर पड़ती है, तो शिवसेना को पाक पर हमला कर देना चाहिए, क्योंकि वो भी एक सेना है।
भाजपा का यूपी मिशन 2017 का आगाज एक मजाक
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की मौजूदगी में कानपुर से भारतीय जनता पार्टी के यूपी मिशन 2017 के आगाज को आजम ने एक मजाक बताया।
उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान मोदी ने सभी के खातों में काले धन का पंद्रह लाख रुपये लाने की बात कही थी। अब कितने लोग लखपती और करोड़पति बन गए हैं। यह यूपी 2017 का आगाज नहीं, बल्कि अमित शाह द्वारा किया गया मजाक है।
बुंदेलखंड के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ी
विधानसभा चुनाव में ज्यादा समय न देख आजम ने लगे हाथ बुंदेलखंड कार्ड भी खेल दिया। उन्होंने जहां बुंदेलखंड अलग राज्य बनाने का विरोध करते हुए कहा कि उत्तराखंड बनने पर वहां की आर्थिक दशा आज तक ठीक नहीं हुई है।
उन्होंने सपा सरकार की उपलब्धियों का बखान करते हुए कहा कि बुंदेलखंड के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ी है। बुंदेलखंड की प्रगति के लिए सरकार संकल्पित है। क्षेत्र को एकमुश्त विकास राशि उपलब्ध कराई जा रही है।
मंत्री, विधायकों पर कार्रवाई पर साध ली चुप्पी
सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव के बार-बार पार्टी विधायकों और मंत्रियों को सिर्फ चेतावनी देने और कार्रवाई नहीं करने की बाबत पूछे गए सवाल पर आजम कन्नी काटते नजर आए। उन्होंने इसपर बिल्कुल मौन व्रत धारण कर दिया। पत्रकारों द्वारा किए गए तीखे सवालों पर कई बार उनके चेहरे पर झुंझलाहट साफ देखी गई।