फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   News Archives ›   India News Archives ›   azam khan power show on mulayam birthday.

मुलायम का शाही जन्मदिन बना आजम का 'पावर शो'

Sat, 22 Nov 2014 12:24 PM IST
कृष्णेंदु कुमार/अमर उजाला, रामपुर
कृष्णेंदु कुमार/अमर उजाला, रामपुर Updated Sat, 22 Nov 2014 12:24 PM IST
विज्ञापन
azam khan power show on mulayam birthday.

उत्तर प्रदेश के नगर विकास मंत्री आजम खां ने एक बार फिर से विरोधियों को अपनी राजनीतिक ताकत का एहसास कराया। सपा मुखिया के जन्मदिन को यादगार बना और पूरी प्रदेश को रामपुर में बुलाकर उन्होंने दिखा दिया कि पार्टी में अभी भी उनकी तूती बोलती है। वो सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव के कितने अजीज हैं।

विज्ञापन


ऐसा पहली बार नहीं हुआ है कि आजम खां की ओर से आयोजित कार्यक्रम में पूरी प्रदेश सरकार रामपुर में मौजूद रही हो। चाहे जौहर यूनिवर्सिटी की शिलान्यास का कार्यक्रम हो या फिर उद्घाटन का। दोनों ही मौकों पर उन्होंने रामपुर में पूरी सरकार को आमंत्रित किया था। दोनों ही कार्यक्रमों में सरकार के अधिकांश कैबिनेट मंत्री भी आए। अंदर चाहे कोई आजम खां का विरोध करता रहा हो, लेकिन कार्यक्रम में वो जरूर पहुंचे। आजम खां ने रामपुर में भी अपने राजनीतिक विरोधियों को दिखा कि पार्टी में यहां के सर्वमान्य नेता वो ही हैं।
विज्ञापन


सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव के साथ आजम खां के रिश्ते काफी पुराने हैं। दोनों संघर्ष के दिनों के साथी है। आजम खां सपा के संस्थापक सदस्यों में से एक रहे हैं। आजम ने उस वक्त मुलायम सिंह यादव का साथ दिया था जब वो प्रदेश में अपनी राजनीतिक जड़ों को मजबूत कर रहे थे। 2010 में जब आजम खां को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा गया था। उस वक्त भी उन्होंने अपने कमरे में लगी मुलायम सिंह की तस्वीर नहीं उतारी थी। वो तस्वीर आज भी आजम खां की बैठक में लगी हुई है। आजम खां कहते हैं कि यह नेताजी के साथ हमारे मजबूत रिश्तों की गवाह है।
विज्ञापन
विज्ञापन


आज पूरा होगा एक और सपना
जौहर यूनिवर्सिटी की स्थापना के बाद ही आजम खां का सपना था रामपुर में मेडिकल कालेज बनाने का। जब वो सत्ता में नहीं थे उस वक्त भी वो अपने इस सपने को पूरा करने की कोशिश में लगे रहे। 2011 में उन्होंने कहा था कि वक्त ने हमारा साथ दिया तो मैं यहां मेडिकल कालेज जरूर बनाऊंगा। 2012 में सपा की सरकार बनने के बाद आजम खां ने अपनी कोशिश को फिर से तेज कर दिया। सितंबर 2012 में जौहर यूनिवर्सिटी का उद्घाटन हो गया। इसके बाद आजम खां मेडिकल कालेज शुरू कराने की कोशिश में लग गए। इस रास्ते में तमाम बाधाएं भी आईं। एक बार तो आजम खां के भी हौसलें टूटने लगे थे। मेडिकल कालेज को वो रामपुर से बाहर ले जाने की बात सोचने लगे थे, लेकिन वक्त ने उनका साथ दिया और शनिवार को आजम खां का एक और सपना पूरा होगा। सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव व प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव शनिवार को जौहर यूनिवर्सिटी के प्रांगण में रामपुर मेडिकल कालेज का शिलान्यास करेंगे।

धरतीपुत्र ने शाही अंदाज में मनाया 75वां जन्मदिन

azam khan power show on mulayam birthday.

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव ने शाही अंदाज में अपना 75वां जन्मदिन मनाया। नेताजी को अपना जन्मदिन रामपुर में मनाने का निमंत्रण नगर विकास मंत्री आजम खां ने दिया था। आजम ने नेताजी के जन्मदिन को यादगार बनाने में एड़ी-चोटी का जोर लगा दिया। फलस्वरूप मुलायम सिंह के रामपुर पहुंचने पर उनका शाही अंदाज में शानदार स्वागत हुआ।

आजम खां ने उनके जन्मदिन को यादगार बनाने के लिए खासतौर पर विक्टोरिया बग्घी मंगाई थी। पूरे शहर को दुल्हन की तरह सजाया गया। मुलायम सिंह शुक्रवार को अपराह्न तीन बजे रामपुर पहुंचे। उनके साथ मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और लोक निर्माण मंत्री शिवपाल यादव भी थे। तीनों के अंबेडकर पार्क के पास पहुंचने पर फूलों की बारिश के बाद स्वागत किया गया।

बग्घी पर सवार मुलायम सिंह फूलों की बारिश के बीच गांधी समाधि तक पहुंचे। गांधी समाधि पर बापू को श्रद्धांजलि भेंट की। इसके बाद वो जौहर यूनिवर्सिटी पहुंचे। जौहर यूनिवर्सिटी में शाम सात बजे से रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम शुरू हुआ। रात 12 बजे उन्होंने जौहर यूनिवर्सिटी के जिम्नेजियम हाल में यू सेप में तैयार किया गया 75 फीट लंबा केक काटा। इसके बाद जन्मदिन का उत्सव शुरू हुआ।

मुलायम सिंह यादव शनिवार को जौहर यूनिवर्सिटी में रामपुर मेडिकल कालेज का शिलान्यास करेंगे। इसके बाद वो जनसभा को संबोधित करेंगे। उम्मीद है कि शानदार तरीके से जन्मदिन मनाने के बाद वो आजम खां को कुछ न कुछ रिटर्न गिफ्ट जरूर देंगे। पूरे प्रदेश की नजर इस बात पर लगी है कि वो रिटर्न गिफ्ट क्या होगा।

'रामपुर की सड़कों पर समाजवाद का पोस्टमार्टम'

azam khan power show on mulayam birthday.

सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव के बर्थ डे शो पर आक्रामक भाजपा ने इसे समाजवाद का पोस्टमार्टम करार देते हुए आरोप लगाया है कि इस जन्मदिन के नाम पर पूरे प्रदेश में अफसरों और उद्योगपतियों से अरबों रुपये की वसूली की गई है। तंज कसते हुए भाजपा सांसदों ने कहा है कि खुद को धरती पुत्र और गरीबों का मसीहा कहलवाने वाले अब लंदन से बग्घी मंगाकर सवारी कर रहे हैं। जबकि प्रदेश में लाखों लोग हर रोज बिना खाना खाए फुटपाथ पर सोने को मजबूर हैं। कामधाम चौपट कर पूरी सरकार के रामपुर में जुटने पर भी सवाल उठाए हैं, कहा है कि महीनों से अफसर इसी जन्म दिन की तैयारी में हैं, न दफ्तरों में बैठे हैं न पब्लिक की सुनी है।

रामपुर से भाजपा सांसद डा. नैपाल सिंह ने कहा कि सपा की कथनी करनी का अंतर रामपुर की धरती पर साफ नजर आ रहा है। मुलायम सिंह के समाजवाद की हकीकत को सारी दुनिया देख रही है। खुद को धरती पुत्र कहलाने वाले सपा मुखिया मुलायम सिंह को अपने जन्म दिन पर इस तरह करोड़ों रुपये बर्बाद करना शोभा नहीं देता। बेहतर होता कि पब्लिक के खून पसीने की ये कमाई अपने जन्म दिन के शो पर लुटाने के बजाए मुलायम सिंह जनता की भलाई पर खर्च करते। अपने बैठने के लिए लंदन से बग्घी मंगाई कर उन्होंने साबित कर दिया है कि सपा उन्हीं अंग्रेजों की मानसिकता की शिकार है जिन्हें देश से भगाने के लिए आजादी के अनगिनत दीवानों ने अपने प्राणों को न्यौछावर किया था।

मुरादाबाद से भाजपा सांसद कुंवर सर्वेश सिंह ने कहा कि यही सपा का असल समाजवाद है। कभी सैफई में अरबों रुपये बर्बाद कर लड़कियां नचाते हैं तो अब रामपुर में जन्मदिन के तमाशे पर पब्लिक की रकम पानी की तरह बहाई जा रही है। प्रदेश में भुखमरी है, करोड़ों लोग फुटपाथ पर खाली पेट सोने को मजबूर हैं, अपराध से प्रदेश थर्रा रहा है, बहू बेटियां सुरक्षित नहीं हैं और सरकार (सीएम) के पिताजी (मुलायम सिंह) अरबों रुपये फूंककर हैप्पी बर्थडे मना रहे हैं। हम प्रधानमंत्री से मिलकर मांग करेंगे कि आजम खां के उस बयान की केंद्रीय एजेंसियों से जांच कराएं जिसमें उन्होंने कहा है कि जन्मदिन पर खर्च हो रही रकम आतंकियों से आई है, हमारी मांग है कि प्रदेश सरकार आजम खां को तुरंत बर्खास्त करे और उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाए।

संभल से भाजपा सांसद एडवोकेट सत्यपाल सैनी ने कहा कि समाजवाद का ढोल पीटने वाले रामपुर में बेनकाब हो गए हैं। सैफई में शायद कुछ कमी रह गई थी जिसे रामपुर में पूरा किया जा रहा है। जन्म दिन के इस शो के लिए प्रदेश भर के अफसरों से अरबों रुपया वसूल किया गया है। पूरी सरकार रामपुर में पड़ी है। अफसर पब्लिक का काम छोड़कर महीनों से इस बर्थडे की तैयारियों में लगे हैं। सरकार हिसाब दे कि जो रकम लुटाई जा रही है कहां से आई? और यदि आजम खां का बयान सच है कि उन्हें ये रकम आतंकियों से मिली है तो उन्हें आजाद घूमने का कोई हक नहीं, प्रदेश सरकार तुरंत उनके खिलाफ केस दर्ज कर उन्हें जेल में डाले।

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed