आजम खान बोले, मुलायम से कोई मतभेद नहीं
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तर प्रदेश के नगर विकास मंत्री आजम खां के इस्तीफे पर अभी सस्पेंस बरकार है।
आजम खां ने सपा मुखिया मुलायम से किसी तरह का मतभेद होने से तो इंकार किया है, लेकिन मंत्रिमंडल से इस्तीफा दिए जाने पर उन्होंने साफ-साफ कुछ नहीं कहा। इस पर पूछे जाने पर आजम खां ने कहा कि चैनलों पर जो खबर चल रही है, उस पर अभी उनको कुछ नहीं कहना है।
मंगलवार को दोपहर बाद से ही आजम खां के मंत्रिमंडल से इस्तीफा दिए जाने की खबरें आ रही थीं। हालांकि इसकी पुष्टि कोई नहीं कर रहा था। आजम खां भी लखनऊ से रामपुर के लिए रवाना हो चुके थे। वो मंगलवार की रात लगभग 10.30 बजे वाराणसी-देहरादून एक्सप्रेस से रामपुर पहुंचे।
आजम खां इस्तीफे की खबर आने के बाद उनके समर्थक बड़ी संख्या में रेलवे स्टेशन पर पहुंच गए। आजम खां के ट्रेन से उतरते ही कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी शुरू कर दी। कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ देखकर आजम खां के साथ चल रहे सुरक्षाकर्मियों ने उनको जैसे-तैसे रेलवे स्टेशन से निकाला।
पीएम मोदी पर क्या बोले आजम खान?
रामपुर पहुंचने पर उनका प्रोटोकॉल व सुरक्षाकर्मी मौजूद थे। बिलारी के विधायक हाजी इरफान भी मुरादाबाद से रामपुर पहुंच गए थे। रेलवे उनकी सरकारी कार भी पहले से रेलवे स्टेशन के बाहर खड़ी थी। स्टेशन पर उतरने के बाद आजम खां इस्तीफे व मुलायम सिंह के मतभेद के मुद्दे पर कुछ नहीं बोले।
आजम खां रेलवे स्टेशन से सीधे अपने घर पहुंच गए। अपने आवास पर वो पत्रकारों से मुखातिब हुए। उन्होंने कहा कि नेता जी के साथ मतभेद व नोकझोंक की जो खबर चैनलों पर दिखाई जा रही है, उसमें सच्चाई नहीं है। मैं नेता जी सम्मान करता हूं। उनके साथ कभी ना तो विवाद हुआ है और ना होगा।
अखिलेश मंत्रिमंडल से इस्तीफे के सवाल पर उन्होंने कहा कि इसको लेकर चैनलों पर जो खबर चल रही है, उस पर अभी उनको कुछ नहीं कहना है। मुलायम सिंह यादव की अमर सिंह से बढ़ती नजदीकियों व मंत्रिमंडल गठन को लेकर नाराजगी के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि बाकी बातें बाद में।
इसके बाद उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बिहार विधानसभा चुनावों के बाद भेजे गए पत्र की चर्चा की। इस पत्र में आजम खां ने नरेंद्र मोदी को कुछ सुझाव दिए हैं। प्रधानमंत्री द्वारा उनके सुझाव को माने जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि बदलाव तो बड़े-बड़े लोगों में हुआ है। उम्मीद है कि प्रधानमंत्री जी के रवैये में भी बदलाव आएगा।